जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने पुंछ जिले के अपने दौरे के दौरान नवग्रह मंदिर में पूजा-अर्चना की। पुंछ जिले के दो दिवसीय दौरे पर आई पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की प्रमुख पुंछ सीमा पर नवग्रह मंदिर पहुंची। उन्होंने पूरे मंदिर का चक्कर लगाया और शिवलिंग पर जल भी चढ़ाया। उन्होंने मंदिर परिसर में बनी यशपाल शर्मा की प्रतिमा पर पुष्पवर्षा भी की।
महबूबा मुफ्ती का मंदिर जाना बीजेपी की जम्मू-कश्मीर विंग को अच्छा नहीं लगा, जिसने उनकी मंदिर यात्रा को राजनीतिक नौटंकी बताया।
बीजेपी की जम्मू-कश्मीर इकाई के प्रवक्ता रणबीर सिंह पठानिया ने कहा, ‘2008 में महबूबा मुफ्ती और उनकी पार्टी ने श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड को जमीन के आवंटन का विरोध किया था। उनकी पार्टी ने तीर्थयात्रियों के लिए झोपड़ियों के निर्माण के लिए मंदिर बोर्ड को भूमि के अस्थायी हस्तांतरण की अनुमति नहीं दी थी।”
उन्होंने आगे कहा कि, “मंदिर में उनकी यात्रा केवल नाटक और नौटंकी है, जिसका कोई परिणाम नहीं निकलेगा। यदि राजनीतिक नौटंकी परिवर्तन ला सकती है, तो जम्मू और कश्मीर आज समृद्धि का बाग होता।”
इससे पहले, पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने जम्मू-कश्मीर में गरीबों के घरों और व्यवसायों पर बुलडोज़र चलाने के लिए बीजेपी की आलोचना की।
