दिल्ली महिला आयोग की प्रमुख स्वाति मालीवाल के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है। स्वाति मालीवाल को एक कार चालक ने बुधवार देर रात 10 से 15 मीटर तक घसीटा। घटना दिल्ली के एम्स के पास की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले का राष्ट्रीय महिला आयोग ने स्वत: संज्ञान लिया है। NCW अध्यक्ष रेखा शर्मा ने दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर दो दिन के भीतर जवाब तलब किया है।
स्वाती मालीवाल ने खुद ट्वीट कर बताया कि, “कल देर रात मैं दिल्ली में महिला सुरक्षा के हालात Inspect कर रही थी। एक गाड़ी वाले ने नशे की हालत में मुझसे छेड़छाड़ की और जब मैंने उसे पकड़ा तो गाड़ी के शीशे में मेरा हाथ बंद कर मुझे घसीटा। भगवान ने जान बचाई। यदि दिल्ली में महिला आयोग की अध्यक्ष सुरक्षित नहीं, तो हाल सोच लीजिए”।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राजधानी की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए दिल्ली पुलिस को घेरा है। उन्होंने ट्वीट किया- “दिल्ली में क़ानून व्यवस्था का क्या हाल हो गया? गुंडों के हौसले इतने बढ़ गये कि महिला आयोग अध्यक्ष भी सुरक्षित नहीं है। संविधान में बस एक यही काम LG साहिब को दिया है। LG साहिब से निवेदन है कि कुछ दिन राजनीति छोड़ कर क़ानून व्यवस्था पर ध्यान दें। हम पूरी तरह उनका सहयोग करेंगे’।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि मालीवाल को कार से 10-15 मीटर तक घसीटा गया। यह घटना करीब 3.11 बजे एम्स गेट 2 के सामने हुई। दिल्ली पुलिस ने बताया कि ड्राइवर के रूप में कार की खिड़की में हाथ फंस जाने के बाद, हरीश चंद्र ने अचानक खिड़की को उस समय ऊपर की ओर खींच लिया, जब वह उसे फटकार रही थीं। उसने उसे अपनी कार में बैठने के लिए कहा था।
दक्षिण जिला की DCP चंदन सिंह ने कहा कि हौज खास थाने में एक कॉल आई। एक महिला को एक कार वाले ने गलत इशारे किए और 10-15 मीटर तक घसीटा। गरुणा वैन की मदद से पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है। उन्होंने बताया कि आरोपी की उम्र 47 साल है और उसने शराब का सेवन कर रखा था। मामले में FIR दर्ज कर ली गई है।
इस पूरे मामले पर स्वाति मालीमाल की तरफ से एक वीडियो मैसेज भी जारी किया गया है। इस मैसेज में उन्होंने कहा है कि मैं तो बस ये चेक करने के लिए निकली थी कि दिल्ली महिलाओं के लिए कितनी सुरक्षित है। स्वाति ने कहा- ‘मैं एम्स के गेट के सामने बस स्टॉप पर खड़ी थी। इस दौरान एक सफेद रंग की बलेनो कार सवार शख्स आया। उसने गाड़ी रोकी और कहा कि आइए आपको मैं छोड़ देता हूं। मैंने उससे कहा कि मुझे नहीं जाना हैं। इसके बाद शख्स गाड़ी आगे बढ़ाकर चला गया और कुछ दूर जाने के बाद दोबारा गाड़ी घुमा कर आया। उसके बाद गंदे-गंदे इशारे करने लगा और कहा कि बैठ जाओ गाड़ी में, लेकिन मैंने इनकार कर दिया। उसको पकड़ने की कोशिश की तभी उसने गाड़ी के शीशे बंद कर दिए और मेरा हाथ फंस गया। वो कई मीटर तक घसीटता रहा। मैं काफी लकी रही, वरना मेरे साथ भी अंजलि जैसा ही कुछ हो जाता’।
बता दें कि स्वाति मालीवाल महिला हितों को लेकर हमेशा ही चर्चा में रहती हैं। कंझावाला मामले से लेकर जंतर-मंतर पर महिला पहलवानों द्वारा जारी धरने तक को लेकर भी वो लगातार एक्शन में दिखी हैं।
