राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही ‘भारत जोड़ो यात्रा’ एक बार फिर सोमवार सुबह जालंधर में शुरू हुई। जालंधर के काला बकरा के से राहुल गांधी ने पदयात्रा की शुरुआत की। सोमवार को राहुल अपने समर्थकों के साथ करीब 23KM का सफर तय करेंगे।
पंजाब में अब यात्रा का समय भी बदल दिया गया है। सुबह-सुबह घाना कोहरा होने की वजह से पंजाब पुलिस ने 6 बजे सुबह यात्रा शुरू करने को लेकर सहमति नहीं दी है, जिसके बाद यात्रा का समय बदल दिया गया है। यात्रा अब 7 बजे शुरू की जा रही है। 2 दिन पहले ही जालंधर के सांसद चौधरी संतोख सिंह काे भी ठंड में पैदल चलने से हार्ट अटैक आ गया। जिसमें उनका निधन हो गया था।
रविवार को यात्रा खालसा कॉलेज ग्राउंड से शुरू हुई। सांसद चौधरी संतोख सिंह के अंतिम संस्कार के बाद दोपहर 3 बजे शुरू हुई यात्रा में सिद्धू मूसेवाला के पिता भी दिखे। राहुल गांधी ने मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह को गले लगाया और हाथ में हाथ डाल अपने साथ यात्रा में भी साथ चले।
राहुल गांधी ने पंजाब में 10 जनवरी से यात्रा शुरू की थी। पहले दिन फतेहगढ़ साहिब से लुधियाना के खन्ना तक यात्रा निकली। दूसरे दिन यात्रा समराला से शुरू हुई और समराला चौक पर जनसभा के साथ यात्रा खत्म हो गई। इस दिन राहुल गांधी शाम को नहीं चले और वहीं से दिल्ली रवाना हो गए। 13 जनवरी को लोहड़ी की वजह से यात्रा नहीं हुई। यात्रा 14 जनवरी को सुबह लाडोवाल प्वाइंट से शुरू कर दी गई थी लेकिन कुछ देर बाद फिल्लौर के नजदीक सांसद संतोख चौधरी का निधन होने की वजह से यात्रा को रोक दिया गया था। अब सांसद संतोख चौधरी के अंतिम संस्कार के बाद रविवार दोपहर को जालंधर से दोबारा यात्रा की शुरूआत की गई। राहुल की प्रेस कान्फ्रेंस 17 जनवरी को होशियारपुर में होगी। भारत जोड़ो यात्रा सात दिनों तक पंजाब से होकर गुजरेगी और आखिरी दिन माधोपुर से जम्मू कश्मीर के लिए रवाना होने से पहले पठानकोट में एक बड़ी रैली का आयोजन किया जाएगा। उसके बाद एक दिन के लिए 19 जनवरी को हिमाचल प्रदेश से भी यात्रा गुजरेगी।
26 जनवरी से कांग्रेस का ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान भी शुरू होगा
जयराम रमेश ने कहा कि ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान दो महीने तक चलेगा। दो माह का यह अभियान तीन चरण में चलेगा। पहले चरण में हर गांव और मतदान केंद्र स्तर पर पदयात्रा होगी। इसमें घर-घर जनसंपर्क करने के साथ भारत जोड़ो यात्रा के भावनात्मक वीडियो दिखाए जाएंगे। युवा कांग्रेस और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन प्रत्येक विकासखंड में बाइक रैली निकालेंगे। पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में प्रत्येक राज्य की राजधानी में महिला मार्च और महिला घोषणापत्र का विमोचन होगा।
बता दें कि 7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई यात्रा ने अब तक 11 राज्यों का सफर तय कर लिया है। इनमें तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश शामिल हैं। राहुल ने अब तक करीब 3500 किमी की यात्रा को पूरा कर लिया है। फिलहाल यात्रा पंजाब में है। पार्टी का लक्ष्य 150 दिनों में 12 राज्यों का सफर तय कर पैदल 3570 किलोमीटर की दूरी तय करना है। ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का समापन 30 जनवरी को श्रीनगर में होगा। श्रीनगर में यात्रा के समापन के लिए 21 पार्टियों को निमंत्रण भेजा गया है।
