केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को जान से मारने की धमकी मिली है। दाऊद के नाम पर गडकरी को धमकी दी गई है। नागपुर के कार्यालय में दो बार धमकी भरी कॉल आई। कॉल के बाद नागपुर कार्यालय में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार शनिवार को 11:30 से 12:30 के बीच दो बार नितिन गडकरी के जनसंपर्क कार्यालय में धमकी का कॉल आया, जिसमें हमें फिरौती दो नहीं तो केंद्रीय मंत्री गडकरी को जान से मार देंगे, ऐसी धमकी दी गई। साथ ही साथ दाऊद का भी नाम लिया गया। सूत्रों की माने तो फोन करने वाले शख्स ने 100 करोड़ रुपये का एक्सटॉर्शन मांगा है, पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी।
नागपुर के DCP राहुल मदाने ने बताया कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को फोन पर जान से मारने धमकी मिली। खबर मिलते ही हमारी टीम उनके नागपुर स्थित कार्यालय पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस कॉल करने वाले की लोकेशन ट्रेस कर रही है। जो भी दोषी होगा उसको जल्द से जल्द से पकड़ा जाएगा। उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मालूम हो कि नितिन गडकरी के नागपुर स्थित जनसंपर्क कार्यालय के बाहर चार टेलीफोन लगाए गए हैं। इन्हीं नंबरों पर फोन कॉल आया। इस मामले की तफ्तीश में स्थानीय पुलिस के साथ महाराष्ट्र एटीएस की टीम भी जुट गई है। गणतंत्र दिवस को देखते हुए आपराधिक किस्म के लोगों या फिर आतंकवादियों की तरफ से यह हमला करने की साजिश हो सकती है। पुलिस और एटीएस इस एंगल से भी मामले की छानबीन कर रहे हैं।
बता दें कि नितिन गडकरी को मोदी सरकार में सबसे अच्छा काम करने वाले मंत्रियों में से एक माना जाता है। सोशल मीडिया पर भी नितिन गडकरी काफी एक्टिव रहते हैं। ट्विटर पर नितिन गडकरी के 12 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।
