मिसाइल हमले के बाद एयर इंडिया और अन्य एयरलाइनों ने तेल अवीव के लिए उड़ानें कीं निलंबित

एयर इंडिया ने बताया कि दिल्ली से तेल अवीव जा रही एक फ्लाइट को अबू धाबी की ओर मोड़ दिया गया, क्योंकि इजराइल के मुख्य अंतरराष्ट्रीय प्रवेश द्वार बेन गुरियन एयरपोर्ट के पास मिसाइल हमला हुआ। हमले के बाद एयर इंडिया ने 6 मई तक सभी परिचालन तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए हैं। एयर इंडिया के अलावा जर्मन एयरलाइन लुफ्थांसा, अमेरिका की डेल्टा एयर लाइन्स, स्विस इंटरनेशनल एयर और साइप्रस की टीयूएस एयरवेज समेत कुछ अन्य उड़ानों की सेवाएं भी निलंबित कर दी गई हैं। अमेरिकी हवाई अड्डों नेवार्क और जेएफके समेत अन्य उड़ानें करीब 90 मिनट देरी से चल रही हैं।

यमन के हूती विद्रोहियों द्वारा इजराइल की ओर दागी गई मिसाइल बेन गुरियन हवाई अड्डे के निकट गिरी, जिससे आसमान में धुएं का गुबार छा गया और टर्मिनल में मौजूद यात्रियों में व्यापक दहशत फैल गई।

एयर इंडिया ने एक बयान में कहा, “4 मई 2025 को दिल्ली से तेल अवीव जाने वाली एयर इंडिया की उड़ान संख्या एआई139 को बेन गुरियन हवाई अड्डे पर हुई एक घटना के बाद अबू धाबी की ओर मोड़ दिया गया। विमान अबू धाबी में सामान्य रूप से उतर गया है।”

एयरलाइन ने आगे कहा, “परिणामस्वरूप, हमारे ग्राहकों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तेल अवीव से हमारा परिचालन 6 मई 2025 तक तत्काल प्रभाव से निलंबित रहेगा।”

यह घटना बोइंग 787 विमान के तेल अवीव हवाई अड्डे पर उतरने से एक घंटे से भी कम समय पहले हुई।

फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24.com के डेटा से पता चलता है कि विमान के जॉर्डन के हवाई क्षेत्र में होने के दौरान विमान का मार्ग बदला गया।

मिसाइल हमले के मद्देनजर, एयर इंडिया की तेल अवीव से दिल्ली के लिए वापसी की उड़ान, जो मूल रूप से रविवार के लिए निर्धारित थी, रद्द कर दी गई है।

आपातकालीन सेवाओं के हवाले से मिली रिपोर्ट के अनुसार, मिसाइल हमले के कारण चार लोग घायल हो गए, जबकि दो अन्य लोग आश्रय स्थल की ओर जाते समय घायल हो गए। हमले के बाद तेल अवीव के हवाई अड्डे पर हवाई यातायात कुछ समय के लिए रोक दिया गया।

समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, वरिष्ठ इज़रायली पुलिस कमांडर यायर हेट्ज़्रोनी ने संवाददाताओं को मिसाइल के प्रभाव से उत्पन्न गड्ढा दिखाया, जिसके बारे में हवाईअड्डा अधिकारियों ने कहा कि यह टर्मिनल 3 पार्किंग स्थल के पास सड़क के किनारे गिरा था।

https://x.com/IRIran_Military/status/1918923450250404130

हेट्ज़्रोनी ने कहा, “आप हमारे ठीक पीछे का दृश्य देख सकते हैं, एक छेद खुला है जिसका व्यास दसियों मीटर है और गहराई भी दसियों मीटर है।” उन्होंने आगे कहा कि इसमें कोई महत्वपूर्ण क्षति नहीं हुई है।

हमले के बाद एक बयान में इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल कैट्ज ने कहा, “जो कोई भी हमें नुकसान पहुंचाएगा, उसे सात गुना नुकसान होगा।”

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू रविवार को सुरक्षा मंत्रियों और रक्षा अधिकारियों से मिलकर प्रतिक्रिया पर चर्चा करेंगे।

मालूम हो कि यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब ऐसी खबरें आ रही हैं कि इजरायल के मंत्री गाजा में सैन्य हमले को बढ़ाने की योजना को मंजूरी देने के करीब हैं। दो महीने के संघर्ष विराम के बाद मार्च में यह हमला फिर से शुरू हुआ था, जिसके बाद हूतियों ने इजरायल पर और अधिक मिसाइल हमले करने की कसम खाई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *