ममता बनर्जी को 27 मार्च को ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में संबोधन के लिए किया गया आमंत्रित

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को 27 मार्च को ब्रिटेन के ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के केलॉग कॉलेज में ‘सामाजिक विकास – बालिका, बाल एवं महिला सशक्तिकरण’ विषय पर संबोधन के लिए आमंत्रित किया गया है। कॉलेज की वेबसाइट पर कहा गया है कि कॉलेज के अध्यक्ष प्रोफेसर जोनाथन मिची और केलॉग में बायनम ट्यूडर फेलो लॉर्ड करण बिलिमोरिया के साथ बातचीत के लिए बनर्जी का स्वागत करते हुए हमें खुशी हो रही है।

चर्चा के लिए आमंत्रण में कहा गया है कि यह भारत के सबसे प्रभावशाली नेताओं में से एक के साथ राजनीति, साहित्य और सांस्कृतिक वकालत में उनकी उल्लेखनीय यात्रा के बारे में बात करने का एक दुर्लभ अवसर प्रदान करेगा।

लंदन प्रवास के दौरान बनर्जी कुछ उद्योगपतियों से भी मिलेंगी। वह 21 मार्च को कोलकाता से दुबई होते हुए लंदन जाएंगी और 29 मार्च को वापस आएंगी।

राज्य सरकार के अधिकारियों ने बताया कि बनर्जी को 2020 में ऑक्सफोर्ड डिबेटिंग सोसाइटी से इसी तरह का निमंत्रण मिला था। लेकिन कार्यक्रम रद्द कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि मिची ने उन्हें 2023 में आमंत्रित किया था, जब वह बंगाल ग्लोबल बिजनेस समिट के लिए भारत आए थे।

वेबसाइट में उल्लेख किया गया है कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री के रूप में बनर्जी ने बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और ग्रामीण विकास में सुधार पर ध्यान केंद्रित किया है।

बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस सरकार ने राज्य में हाशिए पर पड़े समुदायों और महिलाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से कई कल्याणकारी कार्यक्रम शुरू किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *