पंजाब के कपूरथला में 22 वर्षीय एक महिला की शिकायत के बाद कथित यौन उत्पीड़न, पीछा करने और आपराधिक धमकी देने के लिए स्व-घोषित ईसाई पैगंबर बजिंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। हालाँकि, पादरी ने आरोपों से इनकार किया है और दावा किया है कि एक अन्य पादरी ने उसके खिलाफ साजिश रची है।
अपनी शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि जब वह 17 साल की थी तब उसने बजिंदर सिंह के साथ काम करना शुरू कर दिया था और तब से वह उसके पीछे पड़ गया। उसने उसे गलत तरीके से छुआ, उस पर शादी करने का दबाव डाला, जबकि वह पहले से ही शादीशुदा थी। वह उसका पीछा करता था और धमकी देता था कि अगर उसने इस बारे में किसी को बताया तो वह उसके परिवार को नुकसान पहुंचाएगा।
महिला के मुताबिक, उसके माता-पिता उसे 2017 में बलजिंदर सिंह के ‘चर्च ऑफ ग्लोरी एंड विजडम’ में ले गए। उसने आरोप लगाया कि उसने उसका फोन नंबर ले लिया और उसे अश्लील संदेश भेजना शुरू कर दिया। महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया, ”मैं डर गई और अपने माता-पिता को इसके बारे में नहीं बताया।”
महिला ने आगे दावा किया कि बजिंदर सिंह उसे 2022 में हर रविवार को चर्च में अपने केबिन में अकेला बैठाता था। वह उसे गलत तरीके से छूता था और उससे शादी करने के लिए कहता था, और कॉलेज जाते समय उसका पीछा करता था।
उन्होंने कहा कि उन्हें कई वर्षों तक पैनिक अटैक और उत्पीड़न का सामना करना पड़ा, यहां तक कि अपनी शादी और गर्भावस्था के दौरान भी। महिला ने आठ अन्य लोगों पर धमकी देने का भी आरोप लगाया।
शिकायत 20 फरवरी को दर्ज की गई। शिकायत के आधार पर 23 फरवरी को भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 354-ए (यौन उत्पीड़न), 354-डी (पीछा करना) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया।
बजिंदर सिंह ने आरोप से इनकार किया-
बलजिंदर सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपने ऊपर लगे आरोपों का खंडन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि एक अन्य पादरी ने उनके खिलाफ साजिश रची है।
बलजिंदर सिंह ने कहा, “वह पिछले पांच साल से मेरे खिलाफ गलत टिप्पणियां कर रहे हैं। उन्होंने एक चैनल बनाया, जो पंजीकृत भी नहीं है और वहां मेरे बारे में गलत बयानबाजी की।”
बलजिंदर के मुताबिक, उन्होंने पहले पादरी के बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कराया था, जिसे उन्होंने भगोड़ा बताया था। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला द्वारा उनके खिलाफ मामला उसी की प्रतिक्रिया में है।
बलजिंदर ने कहा, “मैंने 16 फरवरी को शिकायत दर्ज कराई और 20 फरवरी को पादरी ने मेरे खिलाफ पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।”
मालूम हो कि बलजिंदर सिंह एक लोकप्रिय इंटरनेट व्यक्तित्व हैं, जो पंजाब में अपने ईसाई सत्संगों के लिए जाने जाते हैं, और जिनकी क्लिप अक्सर सोशल मीडिया पर वायरल होती रहती हैं। उनका दावा है कि वह लोगों को नशे की लत से मुक्ति दिलाते हैं और सही रास्ते पर चलना सिखाते हैं।
