तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने 2019 पुलवामा घटना के बाद किए गए सर्जिकल स्ट्राइक की प्रामाणिकता पर संदेह जताया है। आंतरिक सुरक्षा से संबंधित चिंताओं पर बोलते हुए, रेड्डी ने पारदर्शिता की कमी के लिए मोदी सरकार की आलोचना की और कहा कि “वास्तव में कोई नहीं जानता कि सर्जिकल स्ट्राइक हुई थी या नहीं।”
रेड्डी ने विशेष रूप से पुलवामा घटना के आलोक में खुफिया अभियानों की प्रभावशीलता पर सवाल उठाते हुए पूछा, “वे पुलवामा घटना में विफल रहे हैं। आईबी ने क्या किया?” उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर पुलवामा त्रासदी के बाद राजनीतिक लाभ के लिए सर्जिकल स्ट्राइक का इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया।
रेड्डी ने कहा, ‘मोदी के लिए सब कुछ राजनीति है। सब कुछ चुनाव जीतने के बारे में है। उनके सोचने का तरीका देश के लिए अच्छा नहीं है। अब समय आ गया है कि देश मोदी और भाजपा से छुटकारा पाए। उनसे कुछ भी पूछिए और वे जवाब ‘जय श्री राम’ के साथ देंगे। वे पुलवामा हमले को रोकने में नाकाम रहे। आईबी क्या कर रही थी? हमारा खुफिया नेटवर्क क्या कर रहा था?’
उन्होंने कहा, ‘मोदी जी ने पुलवामा घटना के बाद हवाई हमले से राजनीतिक और चुनावी लाभ लेने का प्रयास किया। मैं उनसे पूछना चाहता हूं आप क्या कर रहे थे? आपने ऐसा क्यों होने दिया? देश की आंतरिक सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए आपने क्या किया? आपने अपने पास मौजूद आईबी और रॉ जैसी एजेंसियों की मदद क्यों नहीं ली? यह आपकी विफलता थी। कोई भी नहीं जानता कि हवाई हमला हुआ था या नहीं। अगर देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी हमारी होती, तो हम इसे किसी के हाथ में नहीं छोड़ते।’
बीजेपी ने तेलंगाना के सीएम द्वारा लगाए गए आरोपों का तुरंत जवाब दिया और कांग्रेस पार्टी पर “पाकिस्तान और आतंकवाद के लिए स्टैंड लेने और उन्हें क्लीन चिट देने” का आरोप लगाया।
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला, “अब यह साफ हो गया है कि ये महज संयोग नहीं बल्कि सोचा-समझा प्रयोग है, जिस तरह से कांग्रेस पार्टी पाकिस्तान और आतंकवाद के पक्ष में स्टैंड ले रही है और उन्हें क्लीन चिट दे रही है। तेलंगाना के सीएम न सिर्फ पुलवामा आतंकी हमले को लेकर पाकिस्तान को क्लीन चेट दे रहे हैं बल्कि वो सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल खड़े कर रहे हैं। सेना के मनोबल पर खड़ा करना। कांग्रेस नेता आतंकवाद के लिए सेना को कठघरे में खड़ी कर रही है। ये कांग्रेस पार्टी की नियत है।”
बीजेपी सांसद और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, “उन्हें (रेवंत रेड्डी को) याद रखना चाहिए कि उनके सबसे बड़े नेता राहुल गांधी और ‘फवाद चौधरी’ ने इमरान खान सरकार के मंत्री के रूप में पाकिस्तान की नेशनल असेंबली में कहा था कि ‘हमने पुलवामा’ तक घुस के मारा है।”
डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आज़ाद पार्टी के अध्यक्ष गुलाम नबी आज़ाद ने कहा, “मैं इस तरह की टिप्पणियों के पूरी तरह ख़िलाफ़ हूं। मैं महंगाई, बेरोज़गारी जैसे जनता के मुद्दों के पक्ष में हूं।”
वहीं कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने कहा कि सिर्फ हमारे सीएम ही सवाल नहीं उठा रहे हैं। खुद पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने भी सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाए थे।
बता दें कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह, पंजाब कांग्रेस प्रमुख अमरदीन सिंह राजा वारिंग और फरीदाबाद से कांग्रेस उम्मीदवार महेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने अतीत में सर्जिकल स्ट्राइक के बारे में अपना संदेह जताया था।
