पीएम मोदी के ‘जिनके ज्यादा बच्चे हैं’ वाले बयान पर राजस्थान में कांग्रेस बनाम बीजेपी

राजस्थान में एक चुनावी रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की टिप्पणी से भाजपा और कांग्रेस के बीच वाकयुद्ध शुरू हो गया है। पीएम मोदी ने कहा कि अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो देश की संपत्ति उन लोगों को बांट देगी जिनके ज्यादा बच्चे हैं। जहां कांग्रेस ने दावा किया कि प्रधानमंत्री झूठ बोल रहे हैं और हिंदुओं और मुसलमानों के बीच विभाजन पैदा कर रहे हैं, वहीं भाजपा ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की 2006 की एक क्लिप के साथ पलटवार किया, जिसमें उन्हें यह कहते हुए सुना जा सकता है कि देश के संसाधनों पर पहला दावा मुसलमानों का है।

इससे पहले रविवार को रैली के दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस को ‘अर्बन नक्सली’ पार्टी कहा था।

बांसवाड़ा में एक रैली के दौरान पीएम मोदी ने कहा, “कांग्रेस के घोषणापत्र में कहा गया है कि वे माताओं और बहनों के साथ गोल्ड का हिसाब करेंगे, उसके बारे में जानकारी लेंगे और फिर उस संपत्ति को वितरित करेंगे। वे इसे किसको वितरित करेंगे? मनमोहन सिंह की सरकार ने कहा था कि देश की संपत्ति पर पहला अधिकार मुसलमानों का है।”

पीएम ने कहा, “इससे पहले, जब उनकी (कांग्रेस) सरकार सत्ता में थी, उन्होंने कहा था कि देश की संपत्ति पर पहला अधिकार मुसलमानों का है। इसका मतलब है कि यह संपत्ति किसे वितरित की जाएगी? यह उन लोगों के बीच वितरित की जाएगी जिनके अधिक बच्चे हैं।

उन्होनें कहा, “यह घुसपैठियों को वितरित किया जाएगा। क्या आपकी मेहनत की कमाई घुसपैठियों के पास जानी चाहिए? क्या आपको यह मंजूर है?”

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो सोना और मेहनत की कमाई छीनकर “अवैध अप्रवासियों” में बांट देगी और लोगों से पूछा कि क्या यह उन्हें स्वीकार्य है।

उन्होनें कहा, “वे जाँचेंगे कि हमारी बहनों के पास कितना सोना और चाँदी है। सोना सिर्फ दिखाने के लिए नहीं है, यह एक महिला का स्वाभिमान है। मंगलसूत्र का मूल्य सिर्फ सोने की कीमत तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके सपनों से जुड़ा है। कांग्रेस इसे छीनने की कोशिश कर रही है।”

हालाँकि, कांग्रेस ने दावों को खारिज कर दिया और कहा कि उनके घोषणापत्र में ऐसा कोई वादा नहीं है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने नरेंद्र मोदी पर उनके बयान को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के झूठ का स्तर इतना गिर गया है कि वह अब डर के मारे मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाना चाहते हैं।

राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, “पहले चरण के मतदान में निराशा हाथ लगने के बाद नरेंद्र मोदी के झूठ का स्तर इतना गिर गया है कि घबरा कर वह अब जनता को मुद्दों से भटकाना चाहते हैं। कांग्रेस के ‘क्रांतिकारी मेनिफेस्टो’ को मिल रहे अपार समर्थन के रुझान आने शुरू हो गए हैं। देश अब अपने मुद्दों पर वोट करेगा, अपने रोज़गार, अपने परिवार और अपने भविष्य के लिए वोट करेगा। भारत भटकेगा नहीं!”

दूसरी ओर भाजपा ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की एक क्लिप साझा की और सवाल किया कि क्या कांग्रेस को अपने ही प्रधानमंत्री पर “भरोसा नहीं है”।

https://x.com/BJP4India/status/1782080767448998307

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा ने प्रधानमंत्री को चुनौती दी कि वह बताएं कि पार्टी के चुनाव घोषणापत्र में कहीं हिंदू या मुस्लिम शब्द लिखा है या नहीं।

उन्होनें कहा, “हम प्रधानमंत्री को चुनौती देते हैं कि वे हमें बताएं कि हमारे घोषणापत्र में कहीं हिंदू या मुस्लिम शब्द लिखा है या नहीं। इस तरह का हल्कापन आपकी मानसिकता में है, आपके राजनीतिक मूल्यों में है। हमने युवाओं, महिलाओं, किसानों, आदिवासियों के लिए न्याय की बात की है। क्या आपको इस पर भी आपत्ति है?”

पिछली सरकार पर पीएम मोदी का इशारा 2006 में तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के एक बयान को लेकर था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *