कर्नाटक की गृह लक्ष्मी योजना के तहत ‘देवी चामुंडेश्वरी’ को भी हर माह मिलेंगे 2 हजार रुपये

मैसूरु की पीठासीन देवता देवी चामुंडेश्वरी कर्नाटक सरकार की ‘गृह लक्ष्मी’ योजना के लाभार्थियों में शामिल होंगी। यह योजना एपीएल/बीपीएल कार्ड रखने वाले परिवारों की महिला मुखिया को 2,000 रुपये की पेशकश करती है। कांग्रेस एमएलसी और पार्टी के राज्य मीडिया सेल के उपाध्यक्ष दिनेश गूलीगौड़ा ने कहा कि उन्होंने उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि योजना के तहत हर महीने देवी को 2,000 रुपये का भुगतान किया जाए।

उन्होंने कहा कि कर्नाटक कांग्रेस के प्रमुख शिवकुमार भी इस प्रस्ताव पर सहमत हुए और महिला एवं बाल कल्याण मंत्री लक्ष्मी हेब्बालकर को हर महीने चामुंडेश्वरी मंदिर के खाते में राशि जमा करने का निर्देश दिया।

कर्नाटक के प्रसिद्ध मैसूर शहर से 12 किलोमीटर की दूरी पर स्थित श्री चामुंडेश्वरी मंदिर 1000 साल से भी अधिक पुराना है। ये मंदिर मां दुर्गा के चामुंडा रूप को समर्पित है। मां दुर्गा ने ये रूप देवताओं को महाशक्तिशाली राक्षस महिषासुर के अत्याचार से मुक्त कराने के लिए लिया था। अब मैसूरु की पीठासीन देवता देवी चामुंडेश्वरी कर्नाटक सरकार की ‘गृह लक्ष्मी’ योजना के लाभार्थियों में शामिल किया जाएगा।

गूलीगौड़ा ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, “उपमुख्यमंत्री ने मेरे अनुरोधित पत्र का तुरंत जवाब दिया और लक्ष्मी हेब्बालकर को अपने विभाग से या व्यक्तिगत रूप से देवी को हर महीने 2,000 रुपये जमा करने का निर्देश दिया।”

कर्नाटक सरकार ने 30 अगस्त को महल शहर मैसूरु से देवी चामुंडेश्वरी मंदिर को पहली किस्त जमा करके गृह लक्ष्मी योजना शुरू की थी।

इसे देवी को समर्पित करते हुए मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और शिवकुमार ने योजना की सफलता के लिए प्रार्थना की थी, जिसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों की महिलाओं को सशक्त बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *