बीजेपी सांसद मेनका गांधी को ISCKON ने भेजा 100 करोड़ का मानहानि नोटिस

ISKCON (इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर कृष्णा कॉन्शियसनेस) ने बीजेपी सांसद मेनका गांधी को उनके उस बयान पर 100 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेजा है, जिसमें उन्होंने कहा था कि धार्मिक संगठन गायों को कसाइयों को बेचता है। इस्कॉन ने उनके आरोपों को “पूरी तरह से निराधार” बताया है और कहा है कि भक्तों को टिप्पणियों से “गहरा दुख” हुआ है।

इस्कॉन कोलकाता के उपाध्यक्ष राधारमण दास ने कहा, “मेनका गांधी की टिप्पणी बहुत दुर्भाग्यपूर्ण थी। दुनिया भर में हमारे भक्त बहुत आहत हैं। हम उनके खिलाफ 100 करोड़ रुपये की मानहानि की कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं। हमने आज उन्हें नोटिस भेजा है। एक सांसद, जो कभी केंद्रीय मंत्री थी, इतने बड़े समाज के खिलाफ बिना किसी सबूत के झूठ कैसे बोल सकता है?”

https://x.com/ANI/status/1707682223837917544?s=20

दास ने आगे कहा कि इस्कॉन के भक्तों, समर्थकों और शुभचिंतकों का विश्वव्यापी समुदाय इन अपमानजनक, निंदनीय और दुर्भावनापूर्ण आरोपों से बहुत दुखी है। हम इस्कॉन के खिलाफ भ्रामक प्रचार के खिलाफ न्याय की खोज में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

मालूम हो कि बीते दिनों भारतीय जनता पार्टी की सांसद मेनका गांधी का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वो कह रहीं थीं कि इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर कृष्णा कॉन्शसनेस (इस्कॉन) देश में सबसे बड़ा धोखेबाज है और यह अपनी गौशालाओं से गायों को कसाईयों को बेचता है। इंटरनेट पर व्यापक रूप से साझा किए गए वीडियो में, पूर्व केंद्रीय मंत्री और एक पशु अधिकार कार्यकर्ता को यह कहते हुए सुना जा सकता है, “इस्कॉन गौशालाएं स्थापित करता है और इसके लिए सरकार से विशाल भूमि के रूप में असीमित लाभ कमाता है।”

मेनका गांधी ने कहा था कि मैंने हाल ही में (आंध्र प्रदेश में) उनकी अनंतपुर गौशाला का दौरा किया और वहां एक भी गाय अच्छी हालत में नहीं मिली। गांधी ने आरोप लगाया था कि गौशाला में कोई बछड़ा नहीं था, इसका मतलब है कि सभी को बेच दिया गया।

https://x.com/zoo_bear/status/1706685644309942372?s=20

हालाँकि, उस समय इस्कॉन ने मेनका गांधी के आरोपों को “निराधार और झूठा” बताते हुए खारिज कर दिया था। इस्कॉन के राष्ट्रीय प्रवक्ता युधिष्ठिर गोविंदा दास ने बयान में कहा था, “इस्कॉन ने दुनिया के कई हिस्सों में गाय संरक्षण का बीड़ा उठाया है, जहां गोमांस एक मुख्य आहार है।” बयान में कहा गया है, “वर्तमान में इस्कॉन की गौशालाओं में रहने वाली गायों को छोड़ दिए जाने, घायल होने या वध से बचाए जाने के बाद हमारे पास लाया गया था।”

https://x.com/yudhistirGD/status/1706697334560825663?s=20

मालूम हो की इस्कॉन पूरे विश्व में बड़े पैमाने पर समाज में आध्यात्मिक ज्ञान का व्यवस्थित रूप से प्रचार-प्रसार करता है और जीवन में मूल्यों के असंतुलन को रोकने और वास्तविक एकता और शांति प्राप्त करने के लिए सभी लोगों को आध्यात्मिक जीवन की तकनीकों में शिक्षित करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *