राजनीतिक मतभेदों के बीच कनाडा ने भारत के साथ मुक्त व्यापार समझौते के लिए वार्ता की स्थगित

कनाडा का भारत में होने वाला ट्रेड मिशन स्थगित कर दिया गया है। कनाडाई व्यापार मंत्री मैरी एनजी की प्रवक्ता शांति कॉसेंटिनो ने इस घटनाक्रम की पुष्टि की है। प्रवक्ता ने बिना कोई कारण बताए कहा, “इस समय, हम भारत में आगामी ट्रेड मिशन को स्थगित कर रहे हैं।” इस महीने की शुरुआत में कनाडा ने भारत के साथ व्यापार समझौते पर बातचीत पर रोक लगा दी थी। यह वार्ता अक्टूबर में होनी थी।

यह घटनाक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो के बीच नई दिल्ली में जी20 शिखर सम्मेलन से इतर बातचीत के कुछ दिनों बाद सामने आया है।

10 सितंबर को हुए बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने अपने समकक्ष को कनाडा में चरमपंथी तत्वों की भारत विरोधी गतिविधियों को जारी रखने के बारे में दिल्ली की मजबूत चिंताओं से अवगत कराया और कहा कि वे (चरमपंथी) अलगाववाद को बढ़ावा दे रहे हैं और भारतीय राजनयिकों के खिलाफ हिंसा भड़का रहे हैं और वहां भारतीय समुदाय को धमकी दे रहे हैं।

ट्रूडो के साथ अपनी बातचीत में पीएम मोदी ने यह भी उल्लेख किया कि भारत-कनाडा संबंधों की प्रगति के लिए “पारस्परिक सम्मान और विश्वास” पर आधारित संबंध आवश्यक है।

मीडिया को संबोधित करते हुए ट्रूडो ने कहा कि उनका देश हमेशा शांतिपूर्ण विरोध की स्वतंत्रता की रक्षा करेगा, लेकिन साथ ही उन्होंने कहा कि वह हमेशा हिंसा को रोकेगा और नफरत को पनपने नहीं देगा।

उन्होंने कहा, “कनाडा हमेशा अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, अंतरात्मा की स्वतंत्रता और शांतिपूर्ण विरोध की स्वतंत्रता की रक्षा करेगा और यह हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण है।”

ट्रूडो ने कहा, “साथ ही, हम हिंसा को रोकने और नफरत को रोकने के लिए हमेशा मौजूद हैं। मुझे लगता है कि यह याद रखना महत्वपूर्ण है कि कुछ लोगों की हरकतें पूरे समुदाय या कनाडा का प्रतिनिधित्व नहीं करती हैं।”

इससे पहले जून में सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया था जिसमें इंदिरा गांधी की हत्या का चित्रण दिखाया गया था। यह कथित तौर पर उस परेड का हिस्सा था जो ब्रैम्पटन में कुछ खालिस्तानी तत्वों द्वारा आयोजित की गई थी।

बाद में जुलाई के महीने में भारत ने कनाडाई दूत को तलब किया और कनाडा में खालिस्तानी समर्थकों द्वारा बढ़ती गतिविधियों पर एक डिमार्शे जारी किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *