कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को रक्षा मामलों की संसदीय स्थायी समिति के लिए किया गया नॉमिनेट

लोकसभा सदस्यता बहाल होने के कुछ दिनों बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी को रक्षा मामलों की संसदीय स्थायी समिति के लिए नामित किया गया है। लोकसभा बुलेटिन के अनुसार, कांग्रेस सांसद अमर सिंह को भी समिति में नामित किया गया है। आम आदमी पार्टी के नवनिर्वाचित लोकसभा सदस्य सुशील कुमार रिंकू को कृषि, पशुपालन और खाद्य प्रसंस्करण समिति के लिए नामित किया गया है। रिंकू ने हाल ही में जालंधर लोकसभा उपचुनाव जीता था और संसद के निचले सदन में ‘आप’ के एकमात्र सदस्य हैं।

एनसीपी के फैजल पी मोहम्मद, जिनकी लोकसभा सदस्यता मार्च में बहाल हुई थी, उन्हें उपभोक्ता मामले, भोजन और सार्वजनिक वितरण समिति के लिए नामित किया गया है।

मार्च में अयोग्य ठहराए जाने से पहले, गांधी रक्षा पर संसदीय पैनल के सदस्य थे। 7 अगस्त को गांधी की लोकसभा सदस्यता बहाल कर दी गई थी। इसके कुछ ही दिन पहले सुप्रीम कोर्ट ने “मोदी उपनाम” टिप्पणी पर 2019 के मानहानि मामले में उनकी सजा पर रोक लगा दी थी।

मालूम हो कि राहुल गांधी को 24 मार्च को लोकसभा सदस्य के रूप में अयोग्य घोषित कर दिया गया था, जब गुजरात की एक अदालत ने उन्हें मामले में दोषी ठहराया और दो साल की जेल की सजा सुनाई थी। दो साल और उससे अधिक की सज़ा स्वचालित रूप से एक सांसद को अयोग्य घोषित कर देती है। वह लोकसभा में वायनाड का प्रतिनिधित्व करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *