राज्य में जातीय तनाव के बीच मणिपुर सरकार ने गुरुवार को पी. डोंगेल की जगह आईपीएस अधिकारी राजीव सिंह को राज्य का नया डीजीपी नियुक्त किया है। वहीं पी. डोंगेल को गृह विभाग के ओएसडी के रूप में नियुक्त किया गया है।
यह डेवलपमेंट ऐसे समय में हुआ है जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मणिपुर में हैं और हिंसा प्रभावित राज्य के लिए एक शांति समझौते को चाक-चौबंद करने के लिए युद्धरत समुदायों और सुरक्षा बलों के साथ बातचीत कर रहे हैं। प्रदेश में अभी भी अशांति कायम है।
मणिपुर सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 1993 बैच के आईपीएस अधिकारी राजीव सिंह राज्य सरकार में शामिल होने के तुरंत बाद डीजीपी और पुलिस बल के प्रमुख के रूप में कार्यभार संभालेंगे।
इससे पहले गुरुवार को अमित शाह ने इंफाल में एक प्रेस ब्रीफिंग को संबोधित किया था और कहा था कि केंद्र सरकार ने मणिपुर में हिंसा की घटनाओं की सीबीआई की विशेष टीम की जांच की निगरानी के लिए एक सेवानिवृत्त उच्च न्यायालय के न्यायाधीश की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया है।
बता दें कि बीते महीने, मेइती समुदाय की अनुसूचित जनजाति (एसटी) दर्जे की मांग के विरोध में पहाड़ी जिलों में ‘आदिवासी एकजुटता मार्च’ के आयोजन के बाद मणिपुर में हिंसा भड़क उठी थी। एक पखवाड़े से अधिक की शांति के बाद राज्य में रविवार को आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच संघर्ष और गोलाबारी में अचानक तेजी देखी गई। अधिकारियों के मुताबिक अब तक हिंसा में 80 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं।
