प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के गांधीनगर में करीब 4400 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में शहरी विकास विभाग, जल आपूर्ति विभाग, सड़क एवं परिवहन विभाग और खान एवं खनिज विभाग जैसी 2450 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन शामिल है।
PM मोदी ने इस मौके पर कहा कि मैं सभी लाभार्थियों को एक बार फिर बहुत बहुत बधाई देता हूं, विशेष तौर पर उन बहनों को जिन्हें आज अपना पक्का घर मिला है। गुजरात में फिर से भाजपा सरकार बने कुछ ही महीने हुए हैं, लेकिन विकास ने जो गति पकड़ी है उसे देखकर मुझे बहुत खुशी हो रही है।
उन्होंने कहा- पीएम आवास योजना गरीबों के साथ ही महिला सशक्तिकरण को भी ताकत दे रही है। पिछले 9 सालों में करीब 4 करोड़ पक्के घर गरीब परिवारों को मिल चुके हैं, जिसमें से 70% घर महिला लाभार्थियों के नाम पर हैं। ये वह बहनें हैं जिनके नाम पर पहली बार कोई प्रॉपर्टी रजिस्टर हुई है। जिस योजना के जितने लाभार्थी हैं उन तक सरकार खुद जा रही है। आज हमारी सरकार हर अभाव को दूर करते हुए, हर गरीब तक खुद पहुंचने का काम कर रही है। इस अप्रोच ने बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार, भेदभाव खत्म किया है। लाभार्थियों तक पहुंचने के लिए हमारी सरकार न जाति देखती है और न धर्म क्योंकि मैं सोचता हूं कि जहां कोई भेदभाव नहीं है वहीं सच्ची धर्मनिरपेक्षता है।’
प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा के लिए देश का विकास एक कन्विक्शन है, कमिटमेंट है। अभी गुजरात में भाजपा की सरकार बने कुछ ही महीने हुए हैं, लेकिन विकास ने जो रफ्तार पकड़ी है उसे देखकर आनंद आ रहा है, एक सुखद अनुभूति हो रही है।
पीएम ने पहले की सरकारों पर तंज कसते हुए कहा कि, “पुरानी नीतियों पर चलते हुए, फेल हो चुकी नीतियों पर चलते हुए… न देश का भाग्य बदल सकता है और न ही देश सफल हो सकता है।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि घर सिर्फ सिर ढकने की जगह भर नहीं होती है… घर एक आस्था का स्थल होता है। जहां सपने आकार लेते हैं, जहां एक परिवार का वर्तमान और भविष्य तय होता है। इसलिए 2014 के बाद हमने गरीबों के घर को सिर्फ एक पक्की छत तक सीमित नहीं रखा, बल्कि हमने घर को गरीबी से लड़ाई का एक ठोस आधार बनाया।
उन्होंने लोगों को आश्वश्त करते हुए बताया कि पहले रियल एस्टेट सेक्टर में मनमानी चलती थी, धोखेबाजी की शिकायत आती थी। मध्यम वर्ग के परिवारों को सुरक्षा देने के लिए कोई कानून नहीं था। हमने एक रेरा कानून बनाया, इससे मध्यम वर्ग के परिवारों को सुरक्षा मिली है।
