जम्मू में एक महिला डॉक्टर की उसके बॉयफ्रेंड ने चाकू गोदकर हत्या कर दी है। दंपति ने कथित तौर पर एक किसी मुद्दे पर लड़ाई की और बॉयफ्रेंड ने गुस्से में आकर अपनी प्रेमिका को रसोई के ही चाकू से मार डाला। उसने उसी चाकू से अपनी जीवन लीला समाप्त करने का भी प्रयास किया और अब जम्मू के सरकारी मेडिकल कॉलेज में उसका इलाज चल रहा है।
डॉक्टर की पहचान जम्मू के तल्लब तिल्लो की रहने वाली सुमेधा शर्मा और आरोपी की पहचान जौहर गनई के रूप में हुई है, जो पंपोश कॉलोनी में रहता है।
यह घटना तब सामने आई जब आरोपी के एक रिश्तेदार ने पुलिस को सूचित किया कि जौहर ने फेसबुक पर पोस्ट किया था कि वह कुछ निजी मुद्दों के कारण अपनी जीवन लीला समाप्त करने जा रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस जम्मू के जानीपुर में जौहर के घर पहुंची। चूंकि घर का गेट बंद था, इसलिए पुलिस घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी और देखा कि सुमेधा का शव खून से लथपथ पड़ा है और आरोपी के पेट में चोट आई हुई है।
दोनों को पुलिस ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया लेकिन सुमेधा की जान नहीं बच सकी। हालांकि आरोपी की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और इस संबंध में जांच शुरू कर दी है। दोनों के बीच झगड़ा किस बात को लेकर हुआ था, इसकी जांच की जा रही है। अस्पताल से जौहर की छुट्टी होते ही उसे अरेस्ट करके पूछताछ की जाएगी।
सूत्रों ने कहा कि आरोपी और पीड़ित एक रिश्ते में थे और उन्होंने जम्मू के एक डेंटल कॉलेज में बैचलर ऑफ डेंटल सर्जरी (बीडीएस) की पढ़ाई की थी। सुमेधा बाद में एमडीएस की पढ़ाई के लिए जम्मू से बाहर चली गईं थी। वह 7 मार्च को होली पर घर आई थी और अपने प्रेमी के घर पर थी, जहां उन्होंने कथित तौर पर लड़ाई की, जिसके बाद आरोपी ने उसे चाकू मार दिया। आरोपी और पीड़ित के परिवार ने अभी तक इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पीड़िता के शव को उसके परिवार को सौंप दिया है और आगे की जांच की जा रही है।
