गुरुग्राम: Oyo के फाउंडर रितेश अग्रवाल के पिता की 20वीं मंजिल से गिरकर हुई मौत

ओयो रूम्स के संस्थापक रितेश अग्रवाल के पिता रमेश अग्रवाल की गुरुग्राम की एक ऊंची इमारत की 20वीं मंजिल से गिरने से मौत हो गई है। रितेश अग्रवाल की हाल ही में शादी हुई थी और शादी के तीन दिन बाद ही यह दुखद घटना घटी है। ओयो के प्रवक्ता ने अग्रवाल के पिता के निधन की पुष्टि की है। एक बयान में, रितेश अग्रवाल ने “दुख के इस समय में सभी से उनकी निजता का सम्मान करने” का अनुरोध किया है।

रितेश अग्रवाल ने अपने बयान में कहा- ‘भारी मन से मैं और मेरा परिवार यह बताना चाहता है कि हमारे मार्गदर्शक और शक्ति, मेरे पिता रमेश अग्रवाल का 10 मार्च को निधन हो गया। उन्होंने एक पूरा जीवन जिया और हर एक दिन मुझे और हम में से कई लोगों को प्रेरित किया। उनकी मृत्यु हमारे परिवार के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है। उनके शब्द हमारे दिलों में गहरे तक गूंजेंगे। हम सभी से अनुरोध करते हैं कि इस दुख की घड़ी में हमारी निजता का सम्मान करें।’

डीसीपी गुरुग्राम ईस्ट, ने कहा है कि पुलिस को शुक्रवार दोपहर 1 बजे के आसपास घटना की जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि, ‘पुलिस को बताया गया कि रमेश अग्रवाल बहुमंजिला इमारत डीएलएफ द क्रेस्ट की 20वीं मंजिल से गिर गए। वह अपने अपार्टमेंट की बालकनी से गिर गए और उनकी मृत्यु के समय उनकी पत्नी, बेटा रितेश अग्रवाल और उनकी (नवविवाहित) पत्नी अपार्टमेंट में ही थे। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मौत की परिस्थितियों को लेकर परिवार की ओर से कोई शिकायत नहीं की गई है’। पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

इस मामले में पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 174 के तहत मामला दर्ज किया है और जांच शुरू की है। सीआरपीसी की इस धारा के तहत पुलिस किसी व्यक्ति की मौत की वजह पता लगाने के लिए करती है। इसमें जांच की जाती है कि व्यक्ति संदिग्ध कारणों में मरा है तो उसकी मौत के पीछे की असली वजह क्या है। अब पुलिस के सामने बड़ा सवाल यह खड़ा हो गया है कि रमेश अचानक से गिरे हैं या उन्होंने आत्महत्या की है।

रमेश अग्रवाल कथित तौर पर अपनी पत्नी के साथ बहुमंजिला अपार्टमेंट में ही रह रहे थे।

बता दें की इस हफ्ते की शुरुआत में 29 साल के रितेश अग्रवाल ने फार्मेशन वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड की डायरेक्टर गीतांशा सूद से शादी की थी। दिल्ली में हुए रिसेप्शन में पेटीएम के विजय शेखर शर्मा, सॉफ्टबैंक के मासायोशी सन, भारतपे के पूर्व सह-संस्थापक अशनीर ग्रोवर, भारती एयरटेल के सुनील मित्तल सहित कई हस्तियां शामिल हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *