UP: जालौन मे दबंगो ने मामूली कहासुनी पर युवक को बेरहमी से पीटा, 8 माह की गर्भवती पत्नी को भी मारा

उत्तर प्रदेश के जालौन जिले से दबंगों द्वारा एक युवक और उसकी 8 माह की गर्भवती पत्नी को पीटने का मामला सामने आया है। दबंगों ने युवक और उसकी 8 महीने की गर्भवती पत्नी को लात-घूसों से बेरहमी से पीटा। इन लोगों ने मारपीट करते हुए उस युवक को जान से मारने तक की धमकी दी और उसकी गर्भवती पत्नी के कपड़े फाड़ दिए। इस मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद पीड़ित ने इस घटना की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने मारपीट का वीडियो देखते के बाद मामले का संज्ञान लेते हुए इस घटना को अंजाम देने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।

मारपीट की ये पूरी घटना जालौन जिले के कोंच कोतवाली क्षेत्र के दिरावटी गांव का है। दरअसल, संदीप नाम का व्यक्ति 15 दिसंबर की शाम को अपने घर के बाहर दरवाजे पर बैठा था और ठीक उसी वक्त गांव के ही रहने वाले रविंद्र, मनमोहन और उसका बेटा आदेश, संदीप के घर पर पहुंचे। उन लोगों ने संदीप से उसके चाचा मंजेश के बारे में पूछा, जिसके जवाब में संदीप ने तीनों लोगों से कहा कि उसे अपने चाचा के बारे में कोई जानकारी नहीं है कि वो कहां हैं।

संदीप के इस जवाब को सुनते ही मनमोहन के बेटे आदेश ने संदीप के साथ गाली गलौज करना शुरू कर दिया और उससे मंजेश के बारे में जानकारी देने को कहा। संदीप ने आदेश द्वारा दिए गए गाली का विरोध किया, तो बस इसी बात पर दबंगई दिखाते हुए आदेश ने अपने पिता मनमोहन और चाचा रविंद्र के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

मारपीट और शोर शराबा को सुनकर संदीप की 8 महीने की गर्भवती पत्नी उपासना अपने पति को बचाने के लिए घर से बाहर आई। जैसे ही उसने पति को बचाने का प्रयास किया वैसे ही उसके साथ भी दबंगों ने मारपीट किया और उसे धक्का दे दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। इस घटना को देख संदीप ने जोर जोर से चिल्लाना शुरू किया, उसके बाद आस पड़ोस के लोग बाहर निकले और मारपीट करने वालों को अलग कराया।

गांव वालों ने दबंगों द्वारा की गई इस मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया, जिसके बाद पीड़ित संदीप ने अपनी पत्नी के साथ कोंच कोतवाली पुलिस के पास जाकर सारी बात बताई।

इस पूरे मामले पर कोंच सर्किल के डिप्टी एसपी शैलेंद्र बाजपेई ने बताया कि मारपीट की घटना सामने आई है। हालांकि,मामले में दोनों पक्षों की तरफ से तहरीर आई है। दोनों पक्षों में विवाद हुआ। इसी मामले का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो की सत्यता जानने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *