”भारत जोड़ो यात्रा” का 62वां दिन: मंगलवार को गुरु नानक जयंती पर पगड़ी में गुरुद्वारा पहुंचे राहुल मत्था टेकने के बाद शुरू हुई यात्रा, महाराष्ट्र में आज पहला दिन

”भारत जोड़ो यात्रा” का 62वां दिन: मंगलवार को गुरु नानक जयंती पर पगड़ी पहन कर गुरुद्वारा पहुंचे राहुल और फिर वहीं से शुरू की यात्रा, महाराष्ट्र में यात्रा का आज पहला दिन-

सोमवार रात, राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही ‘भारत जोड़ो यात्रा’ महाराष्ट्र राज्य में प्रवेश हुई। हजारों मशाल हाथों में लेकर राहुल और पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ताओं ने तेलंगाना से महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के देगलूर में एंट्री की।

महाराष्ट्र की जमीन पर कदम रखते ही राहुल ने छत्रपति शिवाजी महाराज, महात्मा बसवेश्वर, महात्मा ज्योतिबा फुले, महापुरुष डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर, पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर, अन्नाभाऊ साठे की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उनका अभिवादन किया।

राहुल गांधी ने महाराष्ट्र के नांदेड़ पहुंचकर कहा कि ‘चाहे आंधी आए या तूफान, भारत जोड़ो यात्रा को कोई नहीं रोक सकता है. यह यात्रा श्रीनगर जाकर ही रुकेगी और वहां हम राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराएंगे’. उन्होंने कहा कि इस यात्रा का मकसद देश को एकजुट करना है और अगले दो हफ्ते में हम इस राज्य का दर्द और दुख सुनेंगे. उन्होंने अपने भाषण में बढ़ती बेरोजगारी का भी मुद्दा उठाया और कहा कि इस देश में बेरोजगारी ज्यादा हो रही है. आज इस देश का सच ये है कि इस देश में युवा को रोजगार नहीं मिल सकता है.

आज, मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी अपनी पदयात्रा शुरू करने से पहले सुबह में केसरिया पगड़ी पहन कर गुरुद्वारा पहुंचे। गुरु नानक जयंती पर उन्होंने सबसे पहले नांदेड़ जिले के गुरुद्वारा यादगार बाबा जोरावर सिंह फतेज सिंह जी में प्रार्थना की। कांग्रेस पार्टी की ओर से ट्वीट किया गया कि गुरुद्वारे में राहुल गांधी ने सद्भाव व समानता के लिए प्रार्थना की।

कांग्रेस पार्टी की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत गुरुद्वारे से हुई। इसके बाद यह यात्रा बिलोली जिले के अटकली में रुक गई। शाम चार बजे यात्रा बिलोली से फिर शुरू होकर शाम सात बजे भोपाला में रुकेगी। आज यात्रा का रात्रि प्रवास बिलोली के गोदावरी मनार शुगर फैक्ट्री मैदान में होगा।

महाराष्ट्र में, ‘भारत जोड़ो यात्रा’ अपने 14 दिनों के प्रवास के दौरान 15 विधानसभा और 6 संसदीय क्षेत्रों से निकलेगी। यह यात्रा राज्य में 381 किलोमीटर की होगी। नांदेड़ जिले में पांच दिनों की यात्रा ख़त्म होने के बाद यह यात्रा 11 नवंबर को हिंगोली, 15 नवंबर को वाशिम, 16 नवंबर को अकोला और 18 नवंबर को बुलढाणा जिले में प्रवेश करेगी। उसके बाद यह यात्रा 20 नवंबर को मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी।

सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी रोजाना लगभग 22 से 25 किलोमीटर की यात्रा करते हुए गांवों, कस्बों और शहरों में जाएंगे। महाराष्ट्र में भी राहुल गांधी अपनी पदयात्रा के दौरान जनता के साथ घुलना-मिलना, उनके साथ बातें करना, ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा करना इत्यादि जारी रखेंगे।

राहुल गांधी राज्य में दो बड़ी जनसभाओं को भी संबोधित करेंगे, जिसमें कांग्रेस नेताओं का कहना है कि कई लाख लोग शामिल होंगे। राहुल जिन दो बड़ी रैलियों को संबोधित करेंगे, उसमे से एक 10 नवंबर को नांदेड़ में और दूसरी 18 नवंबर को बुलढाणा में होंगी।

महाराष्ट्र में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान कांग्रेस और उनके सहयोगी पार्टियों के कुछ बड़े नेता भी इसमें शामिल होंगे। कांग्रेस, एनसीपी और शिवसेना-उद्धव ठाकरे सहित महाविकास अघाड़ी के बड़े नेता अलग-अलग समय पर पर यात्रा में शामिल होंगे। कहा जा रहा कि महाराष्ट्र में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के साथ एनसीपी प्रमुख शरद पवार और उद्धव ठाकरे भी जुड़ सकते हैं. अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन खबर है कि दोनों ही पार्टियों ने कांग्रेस की इस यात्रा को अपना समर्थन दिया है. यात्रा में महाराष्ट्र के दिग्गज नेता नाना पटोले, बाला साहेब थोरात, भाई जगताप, अशोक चव्हाण समेत कई नेता शामिल होंगे।

महाराष्ट्र में राहुल की पदयात्रा के दौरान 150 से अधिक प्रमुख नेता, नागरिक समाज के सदस्य, कार्यकर्ता, गैर सरकारी संगठन, सामाजिक संगठन और विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियां उनके साथ शामिल होंगी।

आज ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान एक बहुत दुखद खबर भी सामने आई. कांग्रेस सेवा दल के महासचिव कृष्णकांत पांडे का निधन हो गया. वे कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल थे. कृष्णकांत पांडे हाथ में झंडा लेकर यात्रा में चल रहे थे. थोड़ी देर बाद उनकी हार्ट अटैक से मौत हो गई. राहुल गांधी ने कृष्णकांत पांडे के निधन पर शोक जताया है.

राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही ‘भारत जोड़ो यात्रा’ ने 23 अक्टूबर को तेलंगाना में प्रवेश किया था। सोमवार शाम तेलंगाना में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का सफर पूरा हो गया। इस दौरान राहुंल गांधी ने तेलंगाना के 8 जिलों में करीब 390 किलोमीटर की दूरी तय की।

बता दें कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की शुरुआत 7 सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से हुई थी। यात्रा के वर्तमान चरण (महाराष्ट्र) से पहले राहुल तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना में अपनी इस यात्रा को पूरा कर चुके हैं। यह यात्रा 12 राज्यों के 20 शहरों से गुजरते हुए 150 दिन तक चलेगी। 3,570 किलोमीटर लंबी इस यात्रा का समापन जम्मू-कश्मीर में होगा। यात्रा के फरवरी 2023 की शुरुआत में जम्मू-कश्मीर पहुंचने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *