कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही “भारत जोड़ो यात्रा” का तेलंगाना राज्य में सोमवार को आखिरी दिन है। ‘भारत जोड़ो यात्रा’ सोमवार सुबह तेलंगाना के कामरेड्डी जिले से आगे बढ़ी। कांग्रेस की यह यात्रा सोमवार रात 9 बजे से 10 बजे के बीच नांदेड़ जिले से महाराष्ट्र में प्रवेश करेगी। महाराष्ट्र में यह करीब 14 दिन भ्रमण करेगी। राहुल गांधी अभी तक की यात्रा में दक्षिण भारत के 5 राज्यों को कवर कर चुके हैं और महाराष्ट्र अब छठा राज्य होगा जहां राहुल यात्रा की शुरुआत कर रहे हैं। ‘भारत जोड़ो यात्रा’ महाराष्ट्र से मध्य भारत चरण की शुरुआत करेगी।
‘भारत जोड़ो यात्रा’ तेलंगाना के कामारेड्डी से महाराष्ट्र में नांदेड़ जिले के देगलुर में प्रवेश करेगी. राज्य में इस पदयात्रा में राहुल गांधी के साथ भारी भीड़ जुड़ने की उम्मीद है। महाराष्ट्र कांग्रेस ने देगलुर के कलामंदिर में स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा के पास यात्रा के प्रतिभागियों के लिए स्वागत समारोह की तैयारी की है। स्वागत समारोह के बाद यात्रा आज रात 10 बजकर 10 मिनट पर फिर से शुरू होगी और इस दौरान राहुल गांधी और कार्यकर्ताओं के हाथों में ‘एकता मशाल’ होगी। सोमवार-मंगलवार मध्यरात्रि के बाद यात्रा में शामिल लोग देगलुर के गुरुद्वारा जाएंगे और बाद में चिडरावर मिल में रात को आराम करेंगे। यात्रा 8 नवंबर को सुबह 8:30 बजे फिर से शुरू होगी।
बता दें कि गुरु नानक जयंती 8 नवंबर को मनाई जाएगी और इसके जश्न की शुरुआत आज सोमवार-मंगलवार मध्यरात्रि से ही कीर्तन और गुरुपरब अरदास के साथ हो जाएगी, जिसमें राहुल गांधी शामिल होंगे। राहुल गांधी 10 नवंबर को सिख धर्म के पांच तख्तों में से एक गोदावरी नदी के किनारे बसे हुजूर साहिब गुरुद्वारे का भी दौरा कर सकते हैं।
पदयात्रा के सोमवार रात को महाराष्ट्र में प्रवेश करने से पहले राहुल गांधी तेलंगाना के जुक्कल में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
महाराष्ट्र में, ‘भारत जोड़ो यात्रा’ अपने 14 दिनों के प्रवास के दौरान 15 विधानसभा और 6 संसदीय क्षेत्रों से निकलेगी। यह यात्रा राज्य में 381 किलोमीटर की होगी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक़ नांदेड़ जिले में पांच दिन तक यात्रा चलेगी। इसके बाद 11 नवंबर को यह हिंगोली, 15 नवंबर को वाशिम, 16 नवंबर को अकोला और 18 नवंबर को बुलढाणा जिले में प्रवेश करेगी। उसके बाद यह यात्रा 20 नवंबर को मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी।
सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी रोजाना लगभग 22 से 25 किलोमीटर की यात्रा करते हुए गांवों, कस्बों और शहरों में जाएंगे। महाराष्ट्र में भी राहुल गांधी अपनी पदयात्रा के दौरान जनता के साथ घुलना-मिलना, उनके साथ बातें करना, ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा करना इत्यादि जारी रखेंगे।
राहुल गांधी राज्य में दो बड़ी जनसभाओं को भी संबोधित करेंगे, जिसमें कांग्रेस नेताओं का कहना है कि कई लाख लोग शामिल होंगे। राहुल जिन दो बड़ी रैलियों को संबोधित करेंगे, उसमे से एक 10 नवंबर को नांदेड़ में और दूसरी 18 नवंबर को बुलढाणा में होंगी।
महाराष्ट्र में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान कांग्रेस और उनके सहयोगी पार्टियों के कुछ बड़े नेता भी इसमें शामिल होंगे। कांग्रेस, एनसीपी और शिवसेना-उद्धव ठाकरे सहित महाविकास अघाड़ी के बड़े नेता अलग-अलग समय पर पर यात्रा में शामिल होंगे। चर्चा है कि एनसीपी प्रमुख शरद पवार ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में राहुल गांधी के साथ 8 नवंबर को शामिल होंगे। उनकी तबियत खराब होने के कारण वो राहुल गांधी के साथ एक मील से कम की दूरी तय करेंगे। उनका अभी मुंबई के ब्रीचकैंडी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। शिवसेना-उद्धव ठाकरे की तरफ से पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल इस यात्रा में शामिल होगा। उद्धव ठाकरे और आदित्य ठाकरे के अभी यात्रा में शामिल होने के संबंध में कोई पुख्ता सूचना नहीं है। कांग्रेस ने महाराष्ट्र में यात्रा का कामयाब बनाने के लिए जबर्दस्त तैयारियां की हैं। भारत जोड़ो यात्रा में महाराष्ट्र के दिग्गज नेता नाना पटोले, बाला साहेब थोरात, भाई जगताप, अशोक चव्हाण समेत कई नेता शामिल होंगे।
महाराष्ट्र में राहुल की पदयात्रा के दौरान 150 से अधिक प्रमुख नेता, नागरिक समाज के सदस्य, कार्यकर्ता, गैर सरकारी संगठन, सामाजिक संगठन और विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियां उनके साथ शामिल होंगी।
राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही ‘भारत जोड़ो यात्रा’ ने 23 अक्टूबर को तेलंगाना में प्रवेश किया था। तेलंगाना में पैदल मार्च की शुरुआत 24 अक्टूबर को हुई थी और महाराष्ट्र में प्रवेश करने से पहले 7 नवंबर यानी आज समाप्त हो रही है।
रविवार को महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को लेकर कहा कि ‘इस यात्रा का लक्ष्य संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा है।’ उन्होंने आगे कहा, ‘पिछले 8 साल में देश ने भ्रष्टाचार, डर और भूख देखी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी के बीच आमने-सामने बहस होनी चाहिए। हमारी यात्रा राजनीतिक नहीं है। इसका लक्ष्य देश को परेशान कर रहे मुद्दों को सामने लाना है। कई प्रतिष्ठित हस्तियों ने हमसे संपर्क किया है और कहा कि वे यात्रा का समर्थन करते हैं, लेकिन सामने नहीं आएंगे।’
बता दें कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की शुरुआत 7 सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से हुई थी। यात्रा के वर्तमान चरण (तेलंगाना/महाराष्ट्र) से पहले राहुल तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना में अपनी इस यात्रा को पूरा कर चुके हैं। यह यात्रा 12 राज्यों के 20 शहरों से गुजरते हुए 150 दिन तक चलेगी। 3,570 किलोमीटर लंबी इस यात्रा का समापन जम्मू-कश्मीर में होगा। यात्रा के फरवरी 2023 की शुरुआत में जम्मू-कश्मीर पहुंचने की संभावना है।
