कांग्रेस की महासचिव और स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी ने आज हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के नगरोटा-बगवां में ‘परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली’ को संबोधित किया। हिमाचल में चुनाव की तारीखों के एलान के बाद प्रियंका गांधी की यह राज्य में दूसरी रैली थी।
इससे पहले प्रियंका ने 31 अक्टूबर को छोटी काशी मंडी में एक रैली को संबोधित किया था। वैसे चुनाव आयोग द्वारा हिमाचल चुनाव की तारीख के एलान से पहले ही प्रियंका गांधी ने सोलन में पहली ‘परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली’ को संबोधित कर प्रदेश में चुनाव प्रचार का आगाज कर दिया था।
आज प्रियंका गांधी की रैली में एक अच्छा वाकया देखने और सुनने को मिला। प्रियंका जब मंच पर संबोधित करने के लिए आगे बढ़ीं तो लोगों ने ताली बजाकर एक सुर में उनका जोरदार स्वागत किया। इसे देखकर प्रियंका ने कहा कि ‘आप लोगों ने आज मेरा दिल चुरा लिया’।
शुक्रवार को प्रियंका गांधी ने कांगड़ा की इस रैली में हिमाचल की भाजपा सरकार और केंद्र की मोदी सरकार पर खूब निशाना साधा। प्रियंका ने कहा कि हिमाचल में भाजपा सरकार के राज में PPE किट, पुलिस भर्ती और शिक्षक भर्ती घोटाले हुए हैं। उन्होंने कहा कि इस राज्य के जवान देश की सेवा करते हैं। क्या आप चाहते हैं कि सेना में कोई भर्ती न हो? पुलिस भर्ती में घोटाला हो? भाजपा सरकार में बस घोटाला ही संभव है। क्या ऐसी सरकार चाहते हैं आप?
प्रियंका गांधी बोली- अग्निपथ योजना को ख़त्म कर देंगे-
प्रियंका गांधी ने रैली में कहा, ‘जब केंद्र में हमारी सरकार बनेगी तो हम अग्निपथ योजना को खत्म कर देंगे। हम जो वादा करते हैं, उसे पूरा करते हैं। छत्तीसगढ़ में हमने किसानों की कर्जमाफी का वादा किया था और पूरा भी किया।’
प्रियंका ने पूछा- हिमाचल में पिछले 5 सालों में कितने नौजवानों को रोजगार मिला?
प्रियंका ने पूछा, ‘पिछले 5 सालों में कितने नौजवानों को रोजगार मिला? छत्तीसगढ़ में 3 सालों में 5 लाख रोजगार दिए गए? राजस्थान सरकार ने 1 लाख 30 हजार नौकरियां दिलवाई हैं। हिमाचल में 63 हजार सरकारी पद खाली पड़े हैं।’ भाजपा पीएसयू बेच सकती है लेकिन लोगों को रोजगार नहीं दे सकती। उन्होंने कहा कि भाजपा बस बड़े उद्योगपतियों के कर्ज माफ करती है।
प्रियंका ने कहा- आज किसान की फसल के दाम उद्योगपति कर रहे हैं तय-
प्रियंका गांधी ने अपने भाषण में कहा, ‘हम कह रहे हैं कि पुरानी पेंशन देंगे, किस आधार पर कह रहे हैं? हम इसलिए नहीं कह रहे कि हम चुनाव में खड़े हैं, हम इसलिए कह रहे हैं क्योंकि हमने ये राजस्थान व छत्तीसगढ़ में किया है। हम पुरानी पेंशन दे रहे हैं। किसान फसल का दाम मांग रहा है, सेब का दाम मांग रहा है, लेकिन किसान को फसल के दाम नहीं मिलते। आज किसान की फसल के दाम उद्योगपति मित्र तय कर रहे हैं।’
प्रियंका ने कहा- कांग्रेस लाई है हिमाचल के लिए गारंटी-
प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस चुनाव में कुछ गारंटी लेकर आई है। सरकार बनने के बाद जो हमारी पहली बैठक होगी उसमें ये तय होगा कि हिमाचल के लोगों को 1 लाख रोजगार दिया जाए। 63,000 खाली पदों को भरा जाएगा। 5 साल में कांग्रेस पार्टी 5 लाख लोगों को रोजगार देगी। कांग्रेस पार्टी हर महिला को 1500 रुपए महीना देगी। साथ ही इस गारंटी में पुरानी पेंशन योजना बहाली, हर विधानसभा में 4 अंग्रेजी माध्यमिक स्कूल और पूर्व सैन्यकर्मियों के लिए आरक्षित पदों को भरना भी शामिल है।
प्रियंका गांधी शुक्रवार को रैली से पहले कांगड़ा के मशहूर शक्तिपीठ ज्वालाजी पहुंची। वहां पर प्रियंका ने मां ज्वाला का आशीर्वाद लिया और पूजा की। उनके साथ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी थे।
बताते चलें कि हिमाचल में 12 नवंबर को एक चरण में विधानसभा चुनाव होना है। इस बार का चुनावी मुकाबला त्रिकोणीय होने की उम्मीद है, जिसमें बीजेपी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी शामिल है। 8 दिसंबर को वोटों की गिनती होगी।
