दिल्ली: प्रकाश पर्व को देखते हुए कर्फ्यू में ढील दी गई, गुरुद्वारा जा सकेंगे श्रद्धालु

दिल्ली: 9 जनवरी को प्रकाश पर्व (Prakash Parav) की वजह से दिल्ली सरकार ने रविवार को पाबंदियों में ढील देते हुए श्रद्धालुओं को गुरुद्वारा जाने की इजाजत दी है. इस बारे में निर्देश भी जारी किए गए हैं।

कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच दिल्ली में वीकेंड कर्फ्यू (Delhi Weekend Curfew) लगा दिया गया था। आज दिल्ली की सड़कों पर कर्फ्यू का असर देखने को मिला। लेकिन 9 जनवरी को कोरोना कर्फ्यू में थोड़ी राहत देने का आदेश DDMA की तरफ से दिया गया है।

DDMA ने दिल्ली के सभी डीएम और डीसी को निर्देश जारी कर कहा है कि श्रद्धालुओं को गुरु गोबिंद सिंह की जयंती (Guru Gobind Singh Jayanti) पर गुरुद्वारों में जाने की इजाज़त दी ‌जाए। बता दें कि 9 जनवरी को सिखों के 10वें गुरु गोबिंद सिंह की जयंती है। सिख समुदाय के लोग इसे प्रकाश पर्व के रूप में मनाते हैं।

प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा जा सकेंगे श्रद्धालु

DDMA के पिछले आदेश के मुताबिक राजधानी में सभी धार्मिक स्थलों को खोलने की इजाज़त तो थी लेकिन श्रद्धालुओं को वहां जाने की परमिशन नहीं थी। लेकिन दिल्ली सरकार ने अब इस आदेश में संशोधन किया है। उन्होंने प्रकाश पर्व के मौके पर रविवार को श्रद्धालुओं को गुरुद्वारे जाने की परमिशन दे दी है। हालांकि इस दौरान सभी को सख्ती से कोरोना नियमों का पालन करना होगा।

रविवार को वीकेंड कर्फ्यू में ढील देने के निर्देश

बता दें कि दिल्ली में कोरोना के रफ्तार पकड़ते मामलों के बीच सरकार सख्ती बरत रही है। यही वजह है कि नाइट कर्फ्यू के साथ ही राजधानी में वीकेंड कर्फ्यू भी लगाया गया है। हर दिन संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। आज दिल्ली में कोरोना संक्रमण के नए केस 20 हजार के पार पहुंच गए हैं। यही वजह है कि सरकार की चिंता बढ़ती जा रही है। रविवार को प्रकाश पर्व के मौके पर दिल्ली सरकार ने वीकेंड कर्फ्यू में ढील देने के निर्देश जारी किए है। श्रद्धालु रविवार को गुरुद्धारा जा सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *