लखीमपुरखीरी नरसंहार में मारे गये किसानों सहित मृत पत्रकार रमन के परिवार को भी छत्तीसगढ़ और पंजाब के मुख्यमंत्री ने 50-50 लाख देने की घोषणा की

बीते दिनों में लखीमपुरखीरी के तिकोनिया क्षेत्र में जिस तरह किसानों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर गृहमंत्री अजय मिश्रा के बेटे के द्वारा गाड़ी चढ़ाकर मारने की घटना हुई वो अपने आप में शर्मसार करने वाली है, विपक्ष सहित देश का हर आदमी इससे आहत है। उत्तरप्रदेश सरकार का जो रैवैया रहा है इस मामलें से निपटने का वो संजीदा बिलकुल नहीं कहा जा सकता। इसी विषय को लेकर कांग्रेस की तरफ से लगातार मांग की जा रही है, पीड़ितों को न्याय देने के साथ अजय मिश्रा का इस्तीफा और उनके बेटे आशीष मिश्रा उर्फ टेनी की गिरफ्तारी की। कांग्रेस के तरफ से प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिये पार्टी के वरिष्ठ नेता और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत पंजाब के मुख्यमंत्री चन्नी ने कहा –

सरदार चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा- आज देश में संकट की घड़ी है। जो देश को अनाज देने वाला है, अन्न देने वाला है, उसको भिखारी बनाया जा रहा है। मैं आज राहुल गांधी के नेतृत्व में घटनास्थल पर जाने के लिए लखनऊ पहुंचा हूँ। किसानों को मार गिराया गया, पत्रकारों को मार गिराया गया है। पंजाब से सीएम हूँ, मुझे दर्द है, मुझे दुख है कि किस तरीके से कातिलाना हमला प्लांड वे (planned way) से हुआ, पहले से नीति बनाकर हुआ, अनाउंस करके हुआ। मेरा सूबा, मेरा स्टेट एग्रीकल्चर से चलता है। खेती प्रधान सूबा है। किसानों को मारा जाएगा, तो हम चुप नहीं बैठ सकते। कांग्रेस चुप नहीं बैठ सकती।

 

राहुल गांधी से चर्चा की है कि जो किसान, जिनको कातिलाना हमला करके मारा गया, जो शहीद हुए हैं; उनके साथ, उनके परिवार के साथ हम खड़ें हों। मैं पंजाब सरकार की तरफ से जो मारे गए हैं, उनको 50 लाख रुपए प्रति परिवार, इंक्लूडिंग पत्रकार जिनको मारा गया है, इन सबको 50 लाख रुपए प्रति परिवार हम पंजाब सरकार की तरफ से देंगे, ताकि मेरा किसान, जिसके साथ कांग्रेस हमेशा खड़ी रही है, उसके एजीटेशन को, जो पीसफुल हो रहा था; जैसे जलियांवाला बाग मे जनरल डायर ने गोलियाँ चलाकर मारा था, उसी तरीके से इन्होंने किया, डेमोक्रेटिक तरीके का मजाक उड़ाया है। ये डिक्टेटरशिप नहीं चलेगी। हम किसान के साथ खड़े थे और खड़े रहेंगे, ये लोग हमें कहीं से नहीं रोक सकते, हम उनके घर तक जाएंगे। उनके साथ खड़े होंगे और 50 लाख रुपए प्रति फैमिली पंजाब सरकार प्रोवाइड कराएगी।

 

भूपेश बघेल ने कहा कि आज राहुल गांधी के साथ पंजाब के मुख्यमंत्री और हमारे संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल और राष्ट्रीय महासचिव और मुख्य प्रवक्ता, रणदीप सिंह सुरजेवाला के साथ हम लोग आए हैं। लखीमपुर में, जो ह्रदय विदारक घटना घटी है, जिस प्रकार से किसानों को, पत्रकारों को किस प्रकार से रौंदा गया, उस पर पूरे देश का ध्यान गया है, सारे किसान इससे आक्रोशित हैं और उस पीड़ित परिवार के साथ पूरा हिंदुस्तान खड़ा हुआ है।

 

प्रियंका जी, घटना जिस दिन घटी, उसी दिन वो निकल पड़ी थीं। लेकिन उनको रास्ते में रोक लिया गया है, गिरफ्तार किया गया है। आज राहुल जी के साथ हम लोग आए हैं। हम पांच लोगों को जाने की अनुमति मिली है। हम लोग लखीमपुर जा रहे हैं, पीड़ित परिवार से भी मिलेंगे, किसानों से भी और पत्रकारों से भी।

 

जैसा कि अभी चन्नी साहब ने पंजाब सरकार की तरफ से जो घोषणाएं की छत्तीसगढ़ सरकार ने, माननीय राहुल गांधी जी ने हम लोगों से कहा कि पूरा देश किसानों का देश है और छत्तीसगढ़ धान का कटोरा कहा जाता है। किसानों का प्रदेश छत्तीसगढ़ भी है, तो इस दुख में हम सबको खड़ा होना होगा। दुख बांटने का काम हम सबको करना है और इसलिए छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से प्रत्येक किसान परिवार को 50 लाख रुपए दिए जाएं, जिन परिवारों ने अपने सदस्यों को खोया है और साथ ही उस पत्रकार के परिवार को भी 50 लाख रुपए देने की छत्तीसगढ़ सरकार घोषणा करनी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *