हैदराबाद की कंपनी ने नीरव मोदी से भी बड़ा घोटाला कर, बैंकों को लगाया 7926 करोड़ रुपए का चूना

नई दिल्ली: CBI ने 7,926 करोड़ रुपए की कथित बैंक धोखाधड़ी को लेकर हैदराबाद के ट्रांसस्ट्रॉय (इंडिया) लिमिटेड और उसके निदेशकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह देश के बड़े बैंक घोटालों में शामिल नीरव मोदी केस से भी बड़ा मामला है। जांच एजेंसी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। सीबीआई की तरफ से बताया है कि उन्हें कंपनी और आरोपी निदेशकों के परिसरों की तलाशी में महत्वपूर्ण सबूत मिले है।

सीबीआई ने अपनी प्राथमिकी में कंपनी, उसके अध्यक्ष-सह प्रबंध निदेशक चेरूकुरी श्रीधर और अतिरिक्त निदेशक रयापति संबाशिवा राव एवं अक्किनेनी सतीश को नामजद किया है। आरोप है कि हैदराबाद की इस निजी कंपनी और उसके निदेशकों ने विभिन्न बैंकिंग व्यवस्थाओं के तहत ऋण लिया था।

CBI प्रवक्ता आर के गौड़ ने कहा, ”केनरा बैंक की अगुवाई में बैंकों का समूह बनाया गया। यह भी आरोप है कि लेखा पुस्तिकाओं का फर्जीवाड़ा किया गया, स्टॉक विवरणों में जालसाजी की गई, तुलन-पत्र में छेड़छाड़ की गई और रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर किया गया।

CBI ने आरोप लगाया है कि बैंक के सदस्यों को 7,926.01 करोड़ रुपए का चूना लगाकर निदेशकों ने पैसे गबन किया। गौड़ ने कहा, ”हैदराबाद और गुंटूर में निजी कंपनी /अन्य आरोपियों के परिसरों की तलाशी की गई जिससे अभियोजनयोग्य दस्तावेज मिले।” सीबीआई के अनुसार नीरव मोदी ने कथित रूप से 6000 करोड़ रुपए और उसके मामा ने 7080.86 करोड़ रुपए की हेराफेरी की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *