प्रयागराज: आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने शनिवार को प्रयागराज में उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव के मद्देनजर कई घोषणाएं कर गए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अगर आम आदमी पार्टी की सरकार बनती है तो प्रदेश के लोगों को तीन सौ यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी।
आप पार्टी यूपी प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने प्रयागराज पहुंचकर सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस आहूत की जिसमें संजय सिंह ने कहा कि मनीष सिसोदिया जी ने बयान दिया कि मेरी सरकार बनने पर उत्तर प्रदेश में भी दिल्ली मॉडल लाएंगे और पूरी जनता को 300 यूनिट बिजली फ्री देने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि इसी बयान पर पलटवार करते हुए ऊर्जा मंत्री सूर्य प्रताप शाही द्वारा बयान दिया गया कि उत्तर प्रदेश की जनता घुसखोर और लालची नही है जो आम आदमी पार्टी प्रदेश की जनता को बिजली फ्री देने का ऐलान करती है।
संजय सिंह ने कहा कि देश में सांसदों और विधायकों को दी जाने वाली फ्री सेवाएं जैसे हवाई यात्रा फ्री बिजली फ्री टेलीफोन फ्री आवास पर यही नेता कुछ नहीं बोलते इसका मतलब साफ है कि इनको जनता की कोई परवाह नहीं है यह जनता के हक की बात नहीं करना चाहते 2022 के चुनाव में जनता इसका जवाब जरूर देगी। ऐसे में आम आदमी पार्टी पूर्ण रूप से जनता के लिए कार्य करना चाहती है।इतना ही नहीं उन्होंने पार्टी की आगामी रणनीति पर भी चर्चा की। नैनी और करेली में जनसभाओं को संबोधित करने के दौरान सांसद संजय सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के 24 घंटे के अंदर घरेलू बिजली 300 यूनिट फ्री कर दी जाएगी। इसके साथ ही प्रदेशवासियों को बिजली 24 घंटे मिलेगी और पिछला बकाया माफ कर दिया जाएगा। किसानों को खेती करने के लिए बिजली फ्री दी जाएगी। उन्होंने पार्टी की आगामी रणनीतियों पर चर्चा की। संजय सिंह ने कहा कि आने वाले 2022 विधानसभा के चुनाव में आम आदमी पार्टी पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी और पूर्ण बहुमत के साथ उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी।
आप नेता के मुताबिक पांच अक्तूबर को बिजली मुफ्त जागरूकता रैली निकाली जाएगी। इसके बाद उन्होंने पार्टी के विधानसभा प्रभारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। कहा कि दिल्ली मॉडल को यूपी में भी घर-घर पहुंचाना होगा। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह, जिलाध्यक्ष डॉ. अल्ताफ अहमद, महानगर अध्यक्ष संजीव मिश्रा, जिला महासचिव नितिन पटेल, प्रदेश सचिव अंजनी मिश्रा, महासचिव सर्वेश यादव, पश्चिमी विधान सभा प्रभारी सुष्मिता राघव, मोहम्मद कादिर, रावेंद्र पांडे, सुल्ताना हनीफ, पूनम सिंह, संजय पांडे, डॉ. जावेद, अभिलाषा कौशल, विरेन्द्र कुशवाहा आदि उपस्थित रहे।
