बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर के रामपुर में गंगा नदी में नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। नाव पर करीब 20 युवक और बच्चे सवार थे। हादसे के बाद अब तक 13 शव बरामद किए जा चुके हैं। मृतकों में ज्यादातर नाबालिग बच्चे बताए जा रहे हैं।
नाव पर सवार सभी यात्री एक भोज में शामिल होने जा रहे थे
सूत्रों के मुताबिक, नाव पर सवार अधिकतर लोग हिंदू रीति-रिवाजों के तहत आयोजित एक भोज में शामिल होने जा रहे थे। यह भोज भगतान टोला में सिंहेश्वर राय के घर माता महारानी स्थान के पास आयोजित किया गया था। इसी दौरान गंगा नदी के बीच में नाव अचानक पलट गई।
हादसा मंगलवार रात करीब 8:30 बजे हुआ। नाव पलटते ही मौके पर मातम पसर गया। कुछ लोग किसी तरह तैरकर नदी से बाहर निकलने में कामयाब रहे, जबकि कई लोग पानी में डूब गए।
घटना की जानकारी पर स्थानीय लोगों ने शुरू किया बचाव अभियान
स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और नदी में डूब रहे लोगों को बचाने की कोशिश की। कई लोगों को पानी से बाहर निकालकर राघोपुर फतेहपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीम ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से लापता लोगों की तलाश शुरू की। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम के भी बचाव अभियान में शामिल होने की जानकारी सामने आई है।
अंधेरा और गहरे पानी के कारण सर्च अभियान प्रभावित
गंगा नदी में रात का अंधेरा और पानी की गहराई बचाव अभियान में मुश्किलें पैदा कर रही हैं। प्रशासन की टीमें लापता लोगों को तलाशने में जुटी हैं। अधिकारियों के मुताबिक, नाव पलटने की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। शुरुआती जानकारी में नाव का संतुलन बिगड़ने की बात कही जा रही है।
वैशाली के पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि नदी से पांच शव निकाले गए थे और करीब चार से पांच लोग लापता थे। उन्होंने आशंका जताई कि मृतकों की संख्या बढ़कर 10 तक पहुंच सकती है। बाद में सामने आई जानकारी के मुताबिक, हादसे में 11 लोगों की मौत की खबर है। फिलहाल मृतकों की पहचान और हादसे के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया 4 लाख रुपये की मदद का ऐलान
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वैशाली नाव हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि राघोपुर में नाव दुर्घटना में मासूम बच्चों की मौत की खबर बेहद दुखद और हृदयविदारक है। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि राज्य सरकार की ओर से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने प्रशासन को राहत और बचाव कार्य तेजी से पूरा करने तथा घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
तेजस्वी यादव ने जताया दुख, NDRF और SDRF की टीमें भेजने की मांग
राघोपुर से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के विधायक तेजस्वी यादव ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने बताया कि घटना उनके विधानसभा क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद की है, जहां भोज से लौटते समय नाव पलट गई।
तेजस्वी यादव ने जिलाधिकारी और आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव से बात कर बचाव अभियान तेज करने की मांग की। उन्होंने NDRF और SDRF की अधिक से अधिक टीमें भेजने का आग्रह किया। तेजस्वी ने कहा कि वह पटना पहुंचने के बाद सीधे राघोपुर जाएंगे और प्रभावित परिवारों की मदद के लिए प्रयास करेंगे।
उन्होंने शोक जताते हुए कहा कि जिन परिवारों ने अपने बच्चों को खोया है, उनके प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता देने की अपील भी की।
बिहार कांग्रेस ने जताया दुख
वैशाली में हुए इस हादसे पर बिहार कांग्रेस ने भी दुख जताया है। पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “वैशाली जिले के राघोपुर में गंगा नदी में नाव पलटने की हृदयविदारक घटना में बच्चों की मौत की खबर अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है।”
कांग्रेस ने शोक-संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि ईश्वर दिवंगत बच्चों की आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके परिजनों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति दें। पार्टी ने मृतकों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि भी दी।
फिलहाल प्रशासन की ओर से राहत और बचाव अभियान जारी है। लापता लोगों की तलाश की जा रही है और हादसे से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
