भाजपा ने राहुल के अमेरिका में दिए भाषण की निंदा की, कहा- ‘विदेश में राहुल गांधी में घुस जाती है जिन्ना की आत्मा’

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अमेरिका में उनके भाषण को लेकर आलोचना की। भाजपा के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा, “राहुल गांधी जब विदेश में होते हैं, तब उनमें जिन्ना की आत्मा आ जाती है।”

राहुल गांधी के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए, भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने उन पर तीखा हमला किया और कहा, “जिन्ना की आत्मा राहुल गांधी में तब प्रवेश करती है जब वह विदेश में होते हैं”।

उन्होंने कहा- “राहुल गांधी जब विदेश जाते हैं तो उनके शरीर में जिन्ना की आत्मा या अल कायदा जैसे लोगों की सोच प्रवेश कर जाती है। मैं उन्हें भारत आने और किसी अच्छे ओझा से भूत भगाने का सुझाव दूंगा।”

नकवी ने कहा, “राहुल गांधी की समस्या यह है कि वह आज भी यह स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं कि कैसे समावेशी विकास के माध्यम से पीएम नरेंद्र मोदी ने अपनी सामंती जागीर को नष्ट कर दिया है। राहुल गांधी लोकतंत्र की तुलना वंशवाद से करते हैं।”

भाजपा नेता ने कहा की, “पहले यह संसद के खिलाफ बोलते हैं। संविधान के खिलाफ बोलते हैं। लोकतंत्र के खिलाफ बोलते हैं और उस पर फ्री में सांप्रदायिक तड़का लगाने की कोशिश करते हैं। पिछले 9 सालों में मोदी जी ने एक काम जो सबसे महत्वपूर्ण किया है संप्रदायिक वोटों की हिस्सेदारी को विकास की परत से परास्त किया है जो इनको डाइजेस्ट नहीं हो पा रहा है। अगर भारत में लोकतंत्र ना हो या फिर एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा हो तो फिर भी आप भारत के सबसे बड़े नेता को गाली बक रहे हैं, उनका दुष्प्रचार कर रहे हैं और फिर भी कहते हैं कि डेमोक्रेसी नहीं है।”

भाजपा नेता ने आगे कहा कि राहुल गांधी ने भारत को बदनाम करने का ठेका लिया है और कांग्रेस ने मुसलमानों को च्युइंग गम की तरह इस्तेमाल किया।

मालूम हो कि राहुल गांधी ने कैलिफोर्निया में प्रवासी भारतीयों की एक सभा को संबोधित करते हुए भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया था कि यह सरकार देश की एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है और लोगों को धमकी दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *