UPSC के नतीजे घोषित, प्रयागराज की शक्ति दुबे टॉपर, दूसरे नंबर पर हर्षिता गोयल

संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने आधिकारिक तौर पर यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा (सीएसई) अंतिम परिणाम 2024 घोषित कर दिया है। इस परीक्षा में शक्ति दुबे टॉपर बनी हैं जबकि हर्षिता गोयल को दूसरा स्थान और डोंगरे अर्चित पराग ने तीसरा स्थान हासिल किया है।

इस साल यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा में 1009 अभ्यर्थियों को चुना गया है। चुने गए अभ्यर्थियों को उनकी रैंक और प्रिफरेंस के हिसाब से आईएएस, आईपीएस, आईएफएस, आईआरएस, आईआईएस जैसी सेवाओं के लिए चुना जाएगा। इसके अलावा अन्य ग्रुप-ए और ग्रुप-बी नौकरियों में भी भर्ती की जाएगी।

कौन हैं टॉपर शक्ति दुबे?

इस परीक्षा की टॉपर शक्ति दुबे इलाहाबाद विश्वविद्यालय की छात्रा हैं। शक्ति ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से बायोकेमिस्ट्री में बीएससी किया है। आयोग द्वारा जारी किए गए बयान के मुताबिक, शक्ति ने मुख्य परीक्षा में वैकल्पिक विषय के रूप में राजनीति शास्त्र और अंतर्राष्ट्रीय संबंध विषय लिया था।

वहीं, परीक्षा में दूसरी रैंक लाने वाली हर्षिता गोयल कॉमर्स बैकग्राउंड की हैं। उन्होंने बड़ौदा की एमएस यूनिवर्सिटी से बी. कॉम किया है। हर्षिता ने भी वैकल्पिक विषय के रूप में राजनीति शास्त्र और अंतर्राष्ट्रीय संबंध विषय लिया था।

परीक्षा में तीसरी रैंक लाने वाले डोंगरे अर्चित पराग ने इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रानिक्स इंजीनियरिंग में बी.टेक की डिग्री हासिल की है और वैकल्पिक विषय के रूप में दर्शनशास्त्र विषय को चुना था।

श्रेणीवार यूपीएससी चयन विवरण-

1009 अनुशंसित उम्मीदवारों में से:

335 सामान्य श्रेणी से हैं
109 ईडब्ल्यूएस से हैं
318 ओबीसी से हैं
160 एससी से हैं
87 एसटी से हैं

इसके अलावा, दिव्यांग श्रेणी के तहत 45 दिव्यांग उम्मीदवारों का चयन किया गया है। 230 उम्मीदवारों की आरक्षित सूची भी बनाई गई है।

चयनित उम्मीदवारों के लिए आगे क्या?

आईएएस, आईएफएस, आईपीएस और अन्य केंद्रीय सेवाओं में अंतिम नियुक्तियां रिक्तियों की उपलब्धता और संबंधित सेवा नियमों के आधार पर होंगी।

इस वर्ष केंद्र द्वारा कुल 1129 रिक्तियों की सूचना दी गई, जिनमें बेंचमार्क विकलांग व्यक्तियों के लिए 50 रिक्तियां शामिल हैं।

वर्तमान में 241 उम्मीदवारों की उम्मीदवारी अनंतिम है, और 1 परिणाम रोक दिया गया है।

यूपीएससी सिविल सेवाओं के लिए हर साल यह परीक्षा आयोजित कराती है जिसमें लाखों अभ्यर्थी शामिल होते हैं। परीक्षा तीन चरणों में आयोजित की जाती है जिसमें प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार के माध्यम से अभ्यर्थी का चयन होता है। परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों को आईएएस, आईपीएस, आईएफएस जैसी सेवाओं के लिए चुना जाता है।

साल 2024 के लिए इस परीक्षा का प्रारंभिक परीक्षा 16 जून को हुई थी। परीक्षा के लिए 9,92,599 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था जिसमें से 5,83,213 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी।

इसके बाद मुख्य परीक्षा के लिए 14,627 अभ्यर्थी चयनित हुए थे और इसके बाद तीसरे चरण यानी साक्षात्कार के लिए 2,845 अभ्यर्थी चयनित हुए थे। इन लोगों में से 1009 लोगों को चुना गया है।

यूपीएससी ने नई दिल्ली स्थित अपने कार्यालय में एक सुविधा काउंटर स्थापित किया है। अभ्यर्थी किसी भी प्रश्न के लिए कार्य दिवसों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे के बीच आ सकते हैं।

परिणाम जारी होने के 15 दिनों के भीतर सभी अभ्यर्थियों के अंक आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *