यूपी पर्यटन विभाग के उप निदेशक ने मुंबई में की आत्महत्या, पत्नी ने ने ‘काम के तनाव’ को बताया कारण

उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के उप निदेशक ने मुंबई में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के उप निदेशक विमलेश कुमार औदिच्य ने मंगलवार सुबह इमारत की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी और गंभीर रूप से घायल हो गए। ये इमारत तिलकनगर के पूर्वी उपनगर तारा गगन हाउसिंग सोसाइटी में स्थित है। विमलेश कुमार औदिच्य इसी घर में रह रहे थे।

पुलिस ने बताया कि 59 वर्षीय विमलेश औदिच्य को घाटकोपर के एक सरकारी अस्पताल में ले जाया गया, जहां भर्ती करने के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस अधिकारी ने कहा कि उनकी (विमलेश) पत्नी रमा ने पुलिस को बताया कि उनके पति उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन विभाग में कार्यरत थे और मुंबई में पोस्टेड थे, जहां उनका कार्यालय वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में स्थित था।

मृतक की पत्नी ने पुलिस को बताया कि काम के दबाव के कारण और अपने घर से दूर पोस्टिंग के कारण, विमलेश ने दो महीने पहले उप निदेशक के पद से इस्तीफा दे दिया था, लेकिन लखनऊ स्थित यूपी पर्यटन विभाग के मुख्यालय ने उन्हें 31 मार्च तक काम करने के लिए कहा था। विमलेश इसी साल रिटायर होने वाले थे। सूत्रों के मुताबिक़ विमलेश अपने विभाग के उच्च अधिकारीयों से परेशान चल रहे थे।

पत्नी ने दावा किया कि काम के तनाव के कारण विमलेश ने इतना बड़ा कदम उठाया।

तिलक नगर पुलिस के अनुसार, घटना सुबह करीब 8.15 बजे तारा गगन हाउसिंग सोसाइटी में हुई और उन्हें घाटकोपर के राजावाड़ी अस्पताल लाया गया था जहां भर्ती करने के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। तिलक नगर थाने में एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट (एडीआर) दर्ज कर ली गई है।

तिलक नगर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक सुनील काले ने कहा कि उनकी पत्नी ने किसी के खिलाफ कोई शिकायत नहीं दी है, पुलिस आत्महत्या की जांच कर रही है।

बता दें कि कोरोना के समय में विमलेश औदिच्य ने बेहतरीन काम किया था। प्रदेश की योगी सरकार ने लॉकडाउन के दौरान मुंबई समेत महाराष्ट्र के अलग अलग इलाकों में फंसे उत्तर प्रदेश के लोगों की मदद के लिए विमलेश को चुना था। लेकिन विमलेश का इस तरह आत्महत्या कर लेना बहुत चौंकाने वाला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *