Twitter ने शुरू की छंटनी! कंपनी ने कई भारतीय कर्मचारियों को नौकरी से निकाला, ईमेल कर एम्प्लाइज को किया गया सूचित

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Twitter ने आखिरकार अपने कर्मचारियों को कंपनी से निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शुक्रवार को भारत में भी बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की छंटनी की गई है। एक रिपोर्ट के मुताबिक़ Twitter Inc. ने भारत में मार्केटिंग और कम्युनिकेशन विभाग को पूरी तरह से बर्खास्त कर दिया है और कुछ अन्य डिपार्टमेंट से भी कर्मचारियों को निकाला है। ये छंटनी Twitter के नए मालिक और डायरेक्टर एलन मस्क के द्वारा आदेशित वैश्विक पुनर्गठन का हिस्सा है। एक अनुमान के मुताबिक़, कंपनी के भारत में करीब 250 कर्मचारी थे।

Twitter में काम कर रही शिफ़ालिका योगी ने ट्वीट कर लिखा, ‘इस टीम और इस संगठन का हिस्सा बनना एक सम्मान की बात है। आप लोगों को अपना सहकर्मी और अपना मित्र कहने में मुझे गर्व महसूस होता है और मैं आभार व्यक्त करती हूँ। यह एक अद्भुत जर्नी रही है।’

यश अग्रवाल ने भी ट्वीट किया और लिखा, ‘अभी-अभी छुट्टी हुई है…। यह एक सम्मान की बात है कि इस टीम और इस संगठन का हिस्सा रहा…।’

https://twitter.com/yashagarwalm/status/1588405497988018179?s=20&t=beYaAL7MUbcpyzfFUTsLXw

एलन मस्क ने जब से Twitter को खरीदा है, तभी से ऐसी खबरें सामने आ रही थी कि वो कंपनी में तकरीबन आधे स्टाफ की कटौती करना चाहते है। कई मीडिया रिपोर्ट में तो ये तक कहा गया था कि मस्क 75 फीसदी कर्मचारियों को कंपनी से बाहर का रास्ता दिखाना चाहते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक़, Twitter के मालिक नए कर्मचारियों की टीम तैयार करने में लगे हुए हैं। जब ये सब खबरें आई थी उस समय कंपनी में तब लगभग 7500 कर्मचारी काम कर रहे थे।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बीते 4 नवंबर को Twitter Inc. की तरफ से वैश्विक स्तर पर कंपनी के कर्मचारियों को ईमेल भेजा गया था। इस ईमेल के जरिये कर्मचारियों को ये सूचित किया गया था कि यदि उनका रोल इस कटौती से प्रभावित होता है, तो वे Twitter के आंतरिक सिस्टम, जैसे स्लैक, ईमेल आदि तक अपनी पहुँच खो देंगे।

खबर लिखे जाने तक छंटनी के बारे में जो जानकारी मिल सकी है उसके मुताबिक़, कितने लोग अभी तक कंपनी से निकाले गए हैं?, उसका पता नहीं चल पाया है। न्यूज एजेंसी रायटर्स ने सूत्रों के हवाले से खबर दी है कि कम्युनिकेशंस, सेल्स, इंजीनियरिंग, विज्ञापन, राजस्व, प्रोडक्ट और ग्लोबल कंटेंट पार्टनरशिप प्रभागों के कर्मचारी इस छंटनी से प्रभावित हुए है और दो विभागों को बर्खास्त भी कर दिया गया है। सूत्रों से और जो खबर मिली है उसके मुताबिक़, Twitter के भारत में काम कर रहे 50 फीसदी से अधिक कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया गया है।

हालांकि Twitter Inc. ने अभी तक छंटनी को लेकर कोई ऑफिसियल बयान जारी नहीं किया है।

न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, Twitter Inc. ने शुक्रवार को कर्मचारियों को एक ईमेल भेजा था जिसमे कहा गया था कि ‘Twitter को स्वस्थ रास्ते पर लाने के प्रयास में हम अपने वैश्विक कार्यबल को कम करने की कठिन प्रक्रिया से गुजरेंगे।’

बता दें कि Twitter Inc. ने दिसंबर 2021 तक दुनिया भर के करीब 7500 लोगों को नौकरी पर रखा था। साल 2020 में कंपनी में कर्मचारियों की संख्या क़रीब 5500 थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *