कांग्रेस नेता सचिन पायलट और सारा अब्दुल्ला करीब दो दशक की शादी के बाद अलग हो गए हैं। आगामी राजस्थान चुनावों के लिए पायलट के चुनावी हलफनामे में इसका खुलासा हुआ। कांग्रेस नेता ने जीवनसाथी का विवरण मांगने वाले कॉलम में “तलाकशुदा” का उल्लेख किया है। यह पहली बार है कि 46 वर्षीय पायलट ने सारा अब्दुल्ला से अलग होने का खुलासा किया है। सारा, जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) प्रमुख फारूक अब्दुल्ला की बेटी हैं।
https://x.com/TheVikasLohchab/status/1719312688247914545?s=20
सचिन पायलट और सारा अब्दुल्ला पायलट ने 2004 में शादी की थी। उनके दो बेटे हैं, आरान और वेहान। अपने हलफनामे में पायलट ने बताया कि उनके दोनों बेटे उन पर आश्रित हैं।
सचिन पायलट का जन्म यूपी के सहारनपुर में हुआ था। सेंट स्टीफन कॉलेज से स्कूलिंग और ग्रैजुएशन करने के बाद वह यूनिवर्सिटी ऑफ पेन्निसल्वानिया के वार्टन स्कूल ऑफ बिजनेस से MBA करने के लिए विदेश चले गए थे। सारा साल 1990 तक कश्मीर में अपने परिवार के साथ रहीं। उसके बाद फारूक अब्दुल्ला ने घाटी में चल रहे तनाव की वजह से सारा को मां के साथ लंदन भेज दिया। लंदन में ही सारा और सचिन की पहली मुलाकात हुई थी। सचिन और सारा के पिता दोनों दोस्त थे और एक-दूसरे के परिवार से परिचित थे। जनवरी 2004 में सारा और सचिन ने एक समारोह में शादी कर ली। इस शादी में बहुत कम लोगों को आमंत्रित किया गया था। अब्दुल्ला परिवार ने इस शादी का बहिष्कार किया था।
हलफनामे से यह भी पता चलता है कि पायलट की संपत्ति पिछले पांच वर्षों में लगभग दोगुनी हो गई है। 2018 में उनकी कुल संपत्ति की कीमत लगभग 3.8 करोड़ रुपये थी। 2023 तक, यह बढ़कर 7.5 करोड़ रुपये के अनुमानित मूल्य तक पहुंच गया।
मालूम हो कि राजस्थान विधानसभा चुनाव 25 नवंबर को होंगे। नतीजे 3 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे।
