तीन बार के भाजपा सांसद ओम बिड़ला एक बार फिर लोकसभा के स्पीकर बन गए हैं। बुधवार को उन्हें ध्वनिमत से स्पीकर चुना गया। उन्होंने एक दुर्लभ मुकाबले में इंडिया ब्लॉक के उम्मीदवार के सुरेश को ध्वनि मत से हराया। ओम बिड़ला को स्पीकर चुने जाने के बाद नेता सदन नरेंद्र मोदी और विपक्ष के नेता राहुल गांधी स्पीकर के आसन तक लेकर गए। ओम बिड़ला के आसन तक पहुंचने पर प्रोटेम स्पीकर भर्तृहरि महताब ने कहा कि आपकी चेयर है, आप संभालें।
https://x.com/ANI/status/1805841451982766200
नए अध्यक्ष के साथ उनकी कुर्सी तक जाने से पहले, पीएम मोदी और राहुल गांधी ने भी मुस्कुराहट का आदान-प्रदान किया और हाथ मिलाया।
पीएम मोदी ने ओम बिरला को दूसरी बार अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई दी।
पीएम मोदी ने कहा कि हम सबको विश्वास है कि आने वाले पांच साल आप हम सबका मार्गदर्शन करेंगे। हमारे शास्त्रों में कहा गया है कि विनम्र और व्यवहार कुशल व्यक्ति सफल सदृश होता है। आपको तो मुस्कान भी मिली है। आपकी ये मीठी-मीठी मुस्कान हम सबको प्रसन्न करती आई है। दूसरी बार स्पीकर का कार्यभार मिलना, नए-नए रिकॉर्ड बनते देख रहे हैं। बलराम जाखड़ जी को पांच साल का कार्यकाल पूर्ण करने के बाद स्पीकर का दायित्व फिर से मिला था। इनके बाद आप हैं जिसे ये अवसर मिला है। आप जीतकर आए हैं। नया इतिहास आपने गढ़ा है। हममें से ज्यादातर सांसद आपसे परिचित हैं। एक सांसद के रूप में आप जिस प्रकार से एक सांसद के नाते काम करते हैं, ये भी जानने और सीखने योग्य है।
प्रधानमंत्री ने कहा, “एक सांसद के रूप में आपकी कार्यशैली सभी सांसदों के लिए सीखने योग्य है। आपने स्वस्थ शिशु, स्वस्थ मां अभियान शुरू किया है जो प्रेरक है। गांव-गांव में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की कोशिश, गरीबों को कंबल, कपड़े, छाता, जूते ऐसी अनेक सुविधाएं खोज-खोज कर पहुंचाते हैं। 17वीं लोकसभा संसदीय इतिहास का स्वर्णिम कालखंड रहा है। आपकी अध्यक्षता में जो निर्णय हुए हैं, सदन के जरिए जो सुधार हुए हैं, वो आपकी भी और सदन की भी विरासत है। जब भविष्य में विश्लेषण होंगे तब लिखा जाएगा कि आपकी अध्यक्षता वाली 17वीं लोकसभा की बहुत बड़ी भूमिका रही है।”
पीएम मोदी ने भारतीय न्याय संहिता से लेकर मुस्लिम महिला विवाह संरक्षण विधेयक और नारी शक्ति वंदन विधेयक तक, 17वीं लोकसभा से पारित विधेयकों का जिक्र किया और कहा कि आपकी अध्यक्षता में 17वीं लोकसभा ने भविष्य की बुनियाद रखी है।
उन्होंने आगे कहा कि देश भविष्य में इसका गौरव करेगा। भारत को आधुनिक बनाने की दिशा में जब हर तरफ से प्रयास हो रहे हैं, ये नया संसद भी आपकी अध्यक्षता में भविष्य को लिखने का कार्य करेगा। नए संसद भवन में हमारा प्रवेश भी आपकी अध्यक्षता मेें हुआ और आपने कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जिससे लोकतंत्र को मजबूती देने में मदद मिली है। सभी सांसदों को ब्रीफिंग के लिए व्यवस्था दी और आवश्यक रेफरेंस मैटेरियल मिला। आपने अच्छी व्यवस्था को विकसित किया है जिससे सांसदों में ये विश्वास जगा कि मैं भी तर्क दे सकता हूं।
पीएम ने कहा, “17वीं लोकसभा की प्रोडक्टिविटी 25 साल के उच्चतम स्तर पर 97 फीसदी रही। आप विशेष अभिनंदन के अधिकारी हैं। कोरोनाकाल में हर सांसद को फोन कर हाल पूछा और किसी को भी बीमारी हुई तो व्यक्तिगत रूप से उसकी चिंता की। आपने जो फैसले किए, हम उस कठिन कालखंड में भी काम कर पाए। कोरोनाकाल में सदन में 170 परसेंट प्रोडक्टिविटी, ये दुनिया के लिए बहुत बड़ी खबर है। हम चाहते हैं कि सदन के नियमों का पालन सब करें. आपने कठोर निर्णय भी लिए हैं। मैं जानता हूं कि ऐसे नियम आपको पीड़ा भी देते हैं लेकिन आपने सदन की गरिमा को पसंद किया और पीड़ा को स्वीकार किया।”
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी स्पीकर निर्वाचित होने पर ओम बिरला को बधाई दी। गांधी ने कहा कि विपक्ष सरकार के साथ सहयोग करना चाहता है। सरकार के पास पॉलिटिकल पावर ज्यादा है लेकिन विपक्ष भी भारत का प्रतिनिधित्व करता है। हमें भरोसा है कि आप हमारी आवाज हमें उठाने देंगे. नविपक्ष की आवाज दबाना अलोकतांत्रिक है। विपक्ष आपकी पूरी मदद करेगा।
गांधी ने कहा, “मैं आपको दूसरी बार चुने जाने के लिए बधाई देना चाहता हूं। मैं आपको पूरे विपक्ष और INDIA गठबंधन की तरफ से बधाई देना चाहता हूं। यह सदन भारत के लोगों की आवाज़ का प्रतिनिधित्व करता है और आप उस आवाज़ के अंतिम निर्णायक हैं। सरकार के पास राजनीतिक शक्ति है लेकिन विपक्ष भी भारत के लोगों की आवाज़ का प्रतिनिधित्व करता है और इस बार विपक्ष ने पिछली बार की तुलना में भारतीय लोगों की आवाज़ का अधिक प्रतिनिधित्व किया है। विपक्ष आपके काम करने में आपकी सहायता करना चाहेगा। हम चाहते हैं कि सदन अक्सर और अच्छी तरह से चले। यह बहुत महत्वपूर्ण है कि विश्वास के आधार पर सहयोग हो। यह बहुत महत्वपूर्ण है कि विपक्ष की आवाज़ को इस सदन में प्रतिनिधित्व दिया जाए।”
वहीं समाजवादी पार्टी सांसद और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, “मैं लोकसभा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष को बहुत बधाई देता हूं। जिस पद पर आप बैठे हैं इससे बहुत गौरवशाली परंपराएं जुड़ी हुई हैं। लोकसभा के अध्यक्ष के रूप में आप हर सासंद और हर दल को बराबरी का मौका और सम्मान देंगे। निष्पक्षता इस महान पद की महान जिम्मेदारी है। हम सबकी अपेक्षा है कि किसी भी जनप्रतिधि की आवाज ना दबाई जाए।”
टीएमसी सांसद सुदीप बंदोपाध्याय ने स्पीकर चुने जाने पर ओम बिरला को बधाई दी और एक दिन में 140 सांसदों के निष्कासन की याद दिलाई। इस पर विपक्षी सांसदों ने शेम शेम के नारे भी लगाए। उन्होंने ये भी कहा कि आसन सत्ताधारी दल के दबाव में न आए, जैसा पहले हुआ है जो अनुभव कहता है।
इसके बाद स्पीकर ओम बिरला ने सभी सदस्यों का आभार जताया और कहा, “मुझे फिर से इस महान सदन के पीठासीन अधिकारी का दायित्व निर्वहन का अवसर प्रदान किया, इसके लिए आभार प्रकट करता हूं। ये 18वीं लोकसभा में दुनिया के सबसे बड़े लोतंत्र का उत्सव है। इस उत्सव में भौगोलिक विविधताएं, प्रतिकूल मौसम और उस मौसम में भी 64 करोड़ मतदताओं ने भाग लिया, मैं उनको भी धन्यवाद करता हू। निर्वाचन आयोग ने एक मत के लिए भी जो प्रयास किया, उसके लिए धन्यवाद करता हूं। पीएम मोदी के नेतृत्व में तीसरी बार एनडीए की सरकार बनी है. एक दशक में जनता की इच्छाएं, आकांक्षाएं बढ़ी हैं।”
उन्होनें कहा, ” 18वीं लोकसभा नए विजन, नए संकल्प की सभा होनी चाहिए। चिंतन और नूतन विचार की सभा होनी चाहिए। पक्ष-विपक्ष की मर्यादित सहमति-असहमति हो। मैं इस अवसर पर पूर्व पीठासीन अधिकारी को भी स्मरण करना चाहता हूं जिन्होंने अपनी कार्यकुशलता से इस सदन की गरिमा को प्रतिष्ठा देने का पूरा प्रयास किया। मुझे भी पांच साल अवसर मिला और मैंने कोशिश की है कि सबको पर्याप्त अवसर मिले। इस लोकसभा में 281 सदस्य पहली बार चुनकर आए हैं, मैं उनको बधाई देता हूं। वे अपने वरिष्ठ सहयोगियों के अनुभवों का लाभ उठाकर परंपराओं का पालन करेंगे।”
स्पीकर ओम बिरला ने नारी शक्ति वंदन विधेयक पारित होने का जिक्र करते हुए कहा कि ये वर्ष संविधान निर्माण की यात्रा का 75 वां वर्ष है। उन्होनें संविधान निर्माताओं के प्रत्येक बिंदु पर गहन चर्चा विमर्श कर संविधान बनाने के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि हम ऐसी नीतियां बनाएं जिससे अंतिम व्यक्ति के जीवन में कल्याण हो सके। स्पीकर ने संविधान दिवस मनाने की परंपरा शुरू करने के लिए पीएम मोदी का धन्यवाद किया और ‘नो योर कॉन्स्टीट्यूशन’ के लिए भी पीएम मोदी की सराहना की।
