MCD चुनाव: केजरीवाल ने दिल्ली की जनता को दी 10 गारंटी, जनता से अपील में कहा- ‘काम रोकने वालों को वोट मत देना, काम करने वालों को वोट देना’

दिल्ली में 4 दिसंबर को होने वाले MCD चुनाव से पहले आज दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की जनता को 10 गारंटी दी हैं।

MCD चुनाव के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी पर जमकर हमला बोला। केजरीवाल ने कहा कि हमें मिलकर दिल्ली को एक साफ-स्वच्छ और सुंदर शहर बनाना है। नगर निगम चुनाव के लिए दिल्लीवासियों को आम आदमी पार्टी की 10 गारंटी है। आज हम आम आदमी पार्टी की 10 गारंटी रिलीज करने जा रहे हैं। लोगों के साथ 15 साल से धोखा हो रहा है। हम गारंटी देते हैं, जो कहते हैं वो करके दिखाते हैं। ये दूसरी पार्टी वालों की नीयत साफ नहीं है. परिणाम आते ही वचन पत्र को फाड़कर फेंक देते हैं।

केजरीवाल ने कहा, ‘इन्होंने कहा था कि अरविंद केजरीवाल पैसा नहीं देता, केंद्र से लेकर आएंगे, लेकिन एक पैसा केंद्र ने नहीं दिया, हमने बहुत पैसा दिया। MCD भी हमारी है. मुझे हैरानी हुई जब इनके 2 नंबर के नेता कहते हैं कि दिल्ली सरकार पैसा नहीं देती।’

उन्होंने कहा, ‘इन्होंने (बीजेपी) कहा था कि दिल्ली की गलियों को गड्ढ़ा मुक्त करेंगे, लेकिन नहीं किया। कूड़ा मुक्त करने को कहा था, लेकिन हर तरफ कूड़ा है। तीनों कूड़े के पहाड़ों को खत्म करने के लिए कहा था, लेकिन इनके नेता अब कहते हैं कि हर शहर में कूड़े के पहाड़ होते हैं। बताओं विदेश में कहा होता है?’

सीएम केजरीवाल ने कहा कि बीजेपी के लोगों ने दिल्ली वालों की जिंदगी हराम कर दी है। योगशाला बंद की, लेकिन मैंने चालू कराई। राशन की डोर स्टेप डिलीवरी और रेडलाइट ऑन गाड़ी ऑफ की योजना बंद कराई। मेरी लोगों से अपील है कि काम रोकने वालों को नहीं काम करने वालों को वोट देना।

AAP की 10 गारंटी, अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की जनता को दीं ये गारंटी-

1. कूड़े के पहाड़ ख़त्म,साफ़ दिल्ली – दिल्ली को साफ और सुंदर बनाएंगे। कूड़े के पहाड़ खत्म करेंगे। केजरीवाल ने कहा कि अब दिल्ली में कूड़े का कोई नया पहाड़ नहीं बनेगा। उन्होंने कहा कि लंदन, टोक्यो से एक्सपर्ट की मदद लेकर कूड़े के मैनेजमेंट की व्यवस्था करेंगे और साथ ही सफाई की व्यवस्था की जाएगी।

2. वसूली बंद – MCD को भ्रष्टाचार मुक्त बनाएंगे, सुविधाओं को ऑनलाइन करेंगे, नक्शे आसानी से पास होंगे।

3. पार्किंग की समस्या से निजात – अगर किसी ने छोटे-छोटे वाइलेशन किया है तो MCD के लोग हफ्ता बांध लेते हैं, उसको रेग्यूलेट करेंगे।

4. आवारा जानवरों का समाधान – आवारा पशुओं से मुक्ति दिलाएंगे।

5. बेहतर सड़कें-गलियां – नगर निगम की टूटी सड़कों और गलियों को ठीक करेंगे।

6. शिक्षा-स्वास्थ्य – नगर निगम के स्कूलों को दिल्ली सरकार की तर्ज पर अच्छा बनाएंगे और स्वास्थ्य व्यवस्था को दुरुस्त करेंगे।

7. सुंदर पार्क – पार्कों की अच्छा बनाएंगे।

8. समय पर वेतन – कच्चे कर्मचारियों को पक्का करेंगे और समय पर सैलरी देंगे।

9. व्यापारियों को समस्याओं से मुक्ति – व्यापारियों की लाइसेंस लेने की प्रकिया को आसान बनाएंगे, कन्वर्जन फीस खत्म करेंगे। इंस्पेक्टर राज खत्म होगा और सीलिंग हटाएंगे।

10. वेंडिंग ज़ोन – रेहड़ी पटरी वालों के लिए वेंडिंग जोन बनाएंगे और उनको लाइसेंस देंगे। कानूनी हक भी देंगे।

बता दें कि दिल्ली में नगर निगम के चुनाव के लिए वोटिंग 4 दिसंबर को होगी और 7 दिसंबर को रिजल्ट आएगा। सुबह 8 बजे से शाम 05:30 बजे तक वोटिंग होगी। दिल्ली में विधानसभा की 70 सीटें हैं, लेकिन, 2 सीटों पर चुनाव नहीं होंगे। ऐसे में 68 विधानसभा सीटों पर चुनाव होंगे और इन विधानसभाओं के अंतर्गत 250 वार्ड हैं जहां वोटिंग होगी। 50 हजार से ज्यादा ईवीएम का इस्तेमाल किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *