लोकसभा चुनाव: कांग्रेस ने जारी की एक और लिस्ट, 14 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान

कांग्रेस ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए 14 उम्मीदवारों की अपनी आठवीं सूची जारी कर दी है। इस सूची में झारखंड, मध्य प्रदेश, तेलंगाना और उत्तर प्रदेश के संसदीय क्षेत्र शामिल हैं जहां 19 अप्रैल से चुनाव होने हैं। उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा के लिए पार्टी ने बुधवार को अपनी केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक की थी।

पार्टी ने गाजियाबाद से डॉली शर्मा को मैदान में उतारा है, जबकि नकुल दुबे को सीतापुर से कांग्रेस का उम्मीदवार बनाया गया है। तातिपर्थी जीवन रेड्डी तेलंगाना के निज़ामाबाद से चुनाव लड़ेंगे जबकि नीलम मधु को मेडक से पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया है।

इससे पहले मंगलवार को, सबसे पुरानी पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनावों के लिए पांच उम्मीदवारों की घोषणा की थी जिनमें चार छत्तीसगढ़ से और एक तमिलनाडु से उम्मीदवारों का नाम शामिल था।

आर सुधा को तमिलनाडु के मयिलादुथुराई लोकसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया गया है। पिछले चुनाव में मयिलादुथुराई सीट उसकी सहयोगी डीएमके के पास थी। कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर इससे पहले तीन बार इस सीट से सांसद रह चुके हैं।

छत्तीसगढ़ में सबसे पुरानी पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने सरगुजा से शशि सिंह, रायगढ़ से मेनका देवी सिंह, बिलासपुर से देवेंद्र सिंह यादव और कांकेर से बीरेश ठाकुर को मैदान में उतारने का फैसला किया है। आदिवासी बहुल राज्य में सरगुजा, रायगढ़ और कांकेर अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित सीटें हैं।

लोकसभा चुनाव 2024 के लिए कांग्रेस ने अपने उम्‍मीदवारों की पहली सूची 8 मार्च को जारी की थी। उसमें 39 उम्‍मीदवारों के नाम थे, जिसमें कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का नाम भी शामिल था। 12 मार्च को कांग्रेस ने अपने लोकसभा प्रत्याशियों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी थी। उस लिस्ट में 43 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया गया था। इसके बाद 22 मार्च को कांग्रेस ने 57 उम्मीदवारों के नाम की तीसरी सूची जारी की थी। 23 मार्च को जारी चौथी लिस्ट में 46 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए थे। पांचवीं सूची 24 मार्च को जारी की थी। इसमें राजस्थान की दो और महाराष्ट्र की एक लोकसभा सीट के लिए उम्मीदवारों का एलान किया गया। कांग्रेस ने 25 मार्च को अपनी छठी लिस्ट जारी कर छह प्रत्याशियों को नाम का ऐलान किया था। 26 मार्च को जारी 7वीं लिस्ट में 5 लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नाम का ऐलान किया था।

8वीं सूची में इन नेताओं को मिला टिकट-

झारखंड

खूंटी एसटी- कालीचरण मुंडा
लोहरदगा – एसटी सुखदेव भगत
हजारीबाग- जय प्रकाशभाई पटेल

मध्य प्रदेश

गुना- राव यादवेंद्र सिंह
दमोह- तरवर सिंह लोधी
विदिशा- प्रताप भानु शर्मा

तेलंगाना

आदिलाबाद – एसटी डॉ. सुगुना कुमारी चेलीमाला
निजामाबाद- तातिपर्थी जीवन रेड्डी
मेडक- नीलम मधु
भोंगिर- चमाला किरण कुमार रेड्डी

उत्तर प्रदेश

गाजियाबाद- डॉली शर्मा
बुलंदशहर एससी- शिवराम वाल्मीकि
सीतापुर- नकुल दुबे
महराजगंज- वीरेंद्र चौधरी

लोकसभा चुनाव 2024:

543 संसदीय क्षेत्रों के लिए चुनाव सात चरणों में होंगे, जो 19 अप्रैल से शुरू होकर 1 जून को समाप्त होंगे। वोटों की गिनती 4 जून को होगी। पहले चरण का मतदान 19 अप्रैल को, दूसरे चरण का 26 अप्रैल को, तीसरे चरण का 7 मई को, चौथे चरण का 13 मई को, 5वें चरण का 20 मई को, छठे चरण का मतदान 25 मई एवं और आखिरी और 7वां चरण 1 जून को होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *