भारत राष्ट्र समिति के प्रमुख के चंद्रशेखर राव ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को चुनौती दी है कि वे अपने राज्य में किसान हितैषी कल्याण कार्यक्रमों को लागू करके किसानों के प्रति अपनी ईमानदारी साबित करें, जैसा कि तेलंगाना में लागू किया गया है। केसीआर का ये बयान तक आया है जब कि बीते दिनों देवेंद्र फडणवीस ने कहा था कि चंद्रशेखर राव को तेलंगाना पर ध्यान देना चाहिए।
महाराष्ट्र के नांदेड़ में एक जनसभा में तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसीआर ने कहा कि रायथु बंधु और रायथू भीमा जैसी योजनाएं, जो तेलंगाना में सफल रही हैं, उन्हें महाराष्ट्र सरकार को भी लागू करना चाहिए। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र सरकार इन किसान हितैषी योजनाओं से दूरी बनाए हुए है और लोगों को ऐसी जनसभाओं में शामिल होने से रोक रही है।
केसीआर ने कहा, “अगर फडणवीस हमें [महाराष्ट्र आने से] रोकना चाहते हैं, तो वो पहले किसानों के लिए उन योजनाओं को लागू कर दें, जिनकी घोषणा हमारी सरकार ने की है।” उन्होंने कहा, “मैं फडणवीस से 24 घंटे पानी, किसानों के लिए मुफ्त बिजली और उनकी उपज खरीदने की अपील करता हूं। मैं महाराष्ट्र आना बंद कर दूंगा।”
उन्होंने आगे कहा- “लगभग आठ-नौ साल पहले, तेलंगाना की स्थिति खराब थी। किसान बड़ी संख्या में आत्महत्या कर रहे थे। लेकिन हमने शासन को बदल दिया और उनका बोझ कम कर दिया। यदि तेलंगाना में सुधार हो सकता है, तो महाराष्ट्र जैसा राज्य जिसके पास अधिक संसाधन हैं, वह क्यों नहीं सुधार सकता है?”
नांदेड़ में अपनी दूसरी सार्वजनिक रैली में, केसीआर ने ‘अब की बार, किसान सरकार’ के नारों के बीच यह भी घोषणा की कि बीआरएस महाराष्ट्र में पंचायत चुनाव लड़ेगी। इससे पहले 5 फरवरी को केसीआर ने नांदेड़ में कहा था कि किसानों के लिए देश की बागडोर संभालने का समय आ गया है और पिछले 75 वर्षों में देश में किसानों की दुर्दशा के लिए कांग्रेस और भाजपा को दोषी ठहराया।
