भाजपा हाईटेक चुनाव प्रचार की तैयारी में, प्रयागराज में कंट्रोल रूम बनाने की योजना

प्रयागराज: केशव प्रसाद मौर्य का सिराथू विधानसभा से टिकट तय होने के बाद भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसके लिए प्रयागराज के भाजपा कार्यालय में हाईटेक वार रूम बनाने की तैयारी की जा रही है। भाजपा कार्यालय में बनाए जाने वाले वार रूम को नई तकनीक से लैस किया जाएगा।पल-पल की चुनावी गतिविधियों पर हाईकमान की नजर और वरिष्ठ नेताओं से मार्गदर्शन लेने के उद्देश्य से इसे प्रदेश मुख्यालय से जोड़ने की तैयारी की गई है। खास बात यह है कि इस बार चुनाव प्रचार के लिए प्रयागराज में भाजपा थ्री-डी स्टूडियो मिक्स तकनीक का इस्तेमाल करने जा रही है।

भाजपा कार्यालय में बनाए जाने वाले वार रूम में एक कॉल सेंटर और वर्चुअल स्टूडियो भी तैयार किया जाएगा। प्रयागराज, कौशाम्बी में मतदान पांचवें चरण में 27 फरवरी को होना है। यहां वार रूम 26 जनवरी से पहले तैयार हो जाएगा। वार रूम की जिम्मेदारी भाजपा आईटी सेल को दी गई है।

आईटी सेल की 51 सदस्यीय टीम वार रूम बनने के बाद यहां 24 घंटे शिफ्ट वाइज तैनात रहेगी। इस दौरान प्रयागराज, कौशाम्बी और प्रतापगढ़ के कार्यकर्ताओं को जोड़कर सूचनाओं का आदान-प्रदान करने के साथ ही उन्हें नवीनतम जानकारियों से अपडेट रखा जाएगा। साथ ही विधानसभा क्षेत्रों में होने वाली वर्चुअल रैलियों और सभाओं का प्रबंधन भी वार रूम से ही किया जाएगा।

चुनाव प्रचार के लिए थ्री डी स्टूडियो मिक्स तकनीक का भी भाजपा इस्तेमाल करेगा। इसमें दो नेताओं को एक पोडियम पर दिखाया जाएगा। थ्री डी तकनीक के माध्यम से आभासी स्टेज तैयार कर वरिष्ठ नेताओं का संबोधन आदि होगा। वर्चुअल बैठक और मल्टीपल कांफ्रेंस के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया गया है।

भाजपा ने कोरोना काल के दौरान ऑनलाइन बैठकों और वेबिनार के जरिए लगातार कार्यक्रम किए। इस वजह से उसके तमाम कार्यकर्ता और पदाधिकारी वर्चुअल बैठक में पारंगत हो गए हैं। पार्टी ने विधानसभा चुनाव को देखते हुए एक खास सॉफ्टवेयर तैयार करवाया है। इसके जरिए वेबिनार, ई-रैलियां आदि होंगी।
बताया जा रहा है कि एक ई-रैली में तकरीबन 50 हजार लोगों को जोड़ा जा सकेगा। वहीं ऑडियो कांफ्रेंस से एक साथ एक लाख लोगों को जोड़े जाने की तैयारी की गई है।
चुनाव आयोग के निर्देश पर इस बार चुनावी प्रचार वर्चुअल ही होना है। इसे लेकर पार्टी तैयार है। कोरोना काल के दौरान पार्टी की ओर से वेबिनार आदि कराए जाते रहे हैं। इस वजह से हमारे कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को इसका अच्छा अभ्यास भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *