कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में राहुल गांधी का दावा, ‘मेरे खुद के फोन में पेगासस था’; कहा- ‘भारतीय लोकतंत्र पर हो रहा है हमला’

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कैंब्रिज विश्वविद्यालय में अपने व्याख्यान के दौरान शुक्रवार को कहा कि लोकतंत्र के लिए जरूरी संस्थागत ढांचा बाधित होता जा रहा है और भारतीय लोकतंत्र के बुनियादी ढांचे पर हमला हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार उनकी जासूसी करने के लिए पेगासस का इस्तेमाल कर रही है।

कैंब्रिज जज बिजनेस स्कूल (कैम्ब्रिज जेबीएस) के विजिटिंग फेलो राहुल गांधी ने विश्वविद्यालय में छात्रों को ’21वीं सदी में सुनना सीखना’ विषय पर व्याख्यान दिया।

कांग्रेस सांसद ने कहा, “भारतीय लोकतंत्र पर हमला हो रहा है। हम लोकतंत्र पर हमले का बचाव करने की कोशिश कर रहे हैं।” राहुल गांधी ने विश्वविद्यालय के छात्रों से कहा, “मेरे फोन पर पेगासस था। बड़ी संख्या में राजनेताओं के फोन पर पेगासस था। मुझे फोन पर बात करते समय सावधान रहने के लिए कहा गया था।”

अपने व्याख्यान में राहुल गांधी ने सरकार पर मीडिया और न्यायपालिका को नियंत्रित करने, निगरानी करने, डराने-धमकाने, अल्पसंख्यकों, दलितों और आदिवासियों पर हमले करने का आरोप लगाया।

बता दें कि राहुल गांधी ब्रिटेन के एक सप्ताह के दौरे पर हैं और कैंब्रिज यूनिवर्सिटी में बिग डेटा एंड डेमोक्रेसी और भारत-चीन संबंधों पर बंद कमरे में कुछ सत्र आयोजित करने वाले हैं। वे इंडियन ओवरसीज कांग्रेस (IOC) यूके चैप्टर के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत करेंगे और लंदन में सप्ताहांत में नियोजित “भारतीय प्रवासी सम्मेलन” को भी संबोधित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *