FIFA World Cup 2022: 36 साल बाद अर्जेंटीना बना विश्व विजेता, पेनल्टी शूटआउट के जरिए मैच का निकला नतीजा, हार के बाद फ्रांस में बवाल

कतर के लुसैल स्टेडियम में खेले गए फीफा वर्ल्ड कप 2022 को अर्जेंटीना ने जीत लिया है। फीफा विश्व कप-2022 के फाइनल मैच में फ्रांस को अर्जेंटीना ने पेनल्टी शूट आउट में हरा दिया। इसी के साथ लियोनेल मेसी ने वर्ल्ड चैम्पियन होकर वर्ल्ड कप में अपना आखिरी मैच खेला।

वर्ल्ड कप के फाइनल मैच में फ्रांस और अर्जेंटीना का स्कोर 3-3 का था। ऐसे में पेनल्टी शूटआउट के जरिए मैच का रिजल्ट घोषित हुआ और अर्जेंटीना ने 4-2 से जीत दर्ज की। अर्जेंटीना का यह तीसरा वर्ल्ड कप खिताब है। इससे पहले अर्जेंटीना ने 1978 और 1986 में वर्ल्ड कप जीता था. लियोनेल मेसी की कप्तानी में 36 साल बाद अर्जेंटीना चैम्पियन बना है।

फ्रांस की टीम अपना खिताब तक नहीं बचा पाई। अगर फ्रांस की टीम ऐसा कर पाती तो इटली, ब्राजील के बाद लगातार दो खिताब जीतने वाली टीम बन जाती।

वर्ष 2018 में हुए विश्वकप में फ्रांस और अर्जेंटीना के बीच प्री-क्वार्टर मैच में मुकाबला हुआ था। उस मैच में फ्रांस ने अर्जेंटीना को 4-3 से हरा दिया था। फ्रांस ने जो चार गोल दागे थे उसमें से दो गोल किलियन एमबाप्पे ने किए थे। एमबाप्पे ने बाद में क्रोएशिया के खिलाफ फाइनल मुकाबले में भी एक गोल किया था। फाइनल में गोल दागने के साथ ही एमबाप्पे दूसरे सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए थे। अब मेसी की टीम ने फाइनल जीतकर उस हार का बदला ले लिया है।

फ्रांस में बवाल, फैन्स ने फूंकी गाड़ियां-

वर्ल्ड कप में हार के बाद फ्रांस के अलग अलग हिस्सों में जमकर हिंसा हुई है और फैन्स ने गाड़ियों में तोड़फोड़ और आगजनी की। पुलिस को हालात पर काबू पाने के लिए आंसू गैस के गोले दागने पड़े। देश के अलग-अलग शहरों से वीडियो और तस्वीरें सामने आई हैं, जहां लोग कारों में तोड़फोड़ करते और आगजनी करते हुए दिख रहे हैं। पेरिस में पहले ही बड़ी संख्या में पुलिस की तैनाती की गई थी, लेकिन इसका कुछ असर नहीं दिखा।

बॉलीवुड सेलेब्स ने मेसी को दी बधाई-

शाहरुख़ खान ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘हम अब तक के शानदार विश्व कप फाइनल में से एक के समय में जी रहे हैं। मुझे मां के साथ एक छोटे से टीवी पर वर्ल्ड कप देखना याद है। अब भी वही उत्साह अपने बच्चों के साथ… और हम सभी को टैलेंट, कड़ी मेहनत और सपनों में विश्वास दिलाने के लिए धन्यवाद मेसी।’

अनुपम खेर ने ट्वीट किया, ‘क्या फाड़ू था ये मैच दोस्तों। इस भाषा के लिए माफ़ी। मगर और कोई शब्द फिट नहीं बैठ रहा था। मेसी का जवाब नहीं। इस मैच के दौरान लग रहा था कि इसमें कुछ भी हो सकता है।’ #FIFAWorldCup

सोनू सूद, रितेश देशमुख, रणवीर सिंह, दीया मिर्जा समेत और कई स्टार्टस ने भी अर्जेंटीना की जीत पर खुशी जताई है।

फीफा वर्ल्ड कप के बारे में जानिए-

फीफा वर्ल्ड कप की शुरुआत साल 1930 में हुई थी। पहले सीजन में मेजबान उरुग्वे ने खिताब जीता था.अब तक 22 बार इस टूर्नामेंट का आयोजन हो चुका है। इन 22 में से पांच बार ब्राजील ने जीत दर्ज की है तो वहीं जर्मनी और इटली ने चार-चार, अर्जेंटीना ने तीन, जबकि फ्रांस और उरुग्वे ने दो-दो मौकों पर खिताब पर कब्जा जमाया। इंग्लैंड और स्पेन के नाम एक-एक खिताब हैं। ब्राजील इकलौती टीम है जिसने अब तक के सभी सीजन में भाग लिया है।

फीफा वर्ल्ड कप के अब तक के विनर्स की लिस्ट-

• 1930- उरुग्वे
• 1934- इटली
• 1938- इटली
• 1950- उरुग्वे
• 1954- जर्मनी
• 1958- ब्राजील
• 1962- ब्राजील
• 1966- इंग्लैंड
• 1970- ब्राजील
• 1974- जर्मनी
• 1978- अर्जेंटीना
• 1982- इटली
• 1986- अर्जेंटीना
• 1990- जर्मनी
• 1994- ब्राजील
• 1998- फ्रांस
• 2002- ब्राजील
• 2006- इटली
• 2010- स्पेन
• 2014- जर्मनी
• 2018- फ्रांस
• 2022- अर्जेंटीना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *