“भारत जोड़ो यात्रा” का 58वां दिन: शुक्रवार को यात्रा विराम पर, 59वें दिन शनिवार को तेलंगाना के मेडक से फिर शुरू होगी राहुल की पदयात्रा

कांग्रेस और राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही ‘भारत जोड़ो यात्रा’ इस समय तेलंगाना में है। शुक्रवार को राहुल समेत पदयात्रा पर निकले सभी नेता-कार्यकर्ता आराम करेंगे। आज ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का 58वां दिन है। ये यात्रा शनिवार को तेलंगाना के मेडक से फिर से शुरू होगी।

‘भारत जोड़ो’ के ऑफिसियल ट्विटर हैंडल से भी ट्वीट कर यात्रा विराम की सूचना दी गई है। ट्वीट में लिखा गया है कि, ‘भारत जोड़ो यात्रा 4 नवंबर को एक दिन का ब्रेक लेगी। हम 5 नवंबर को तेलंगाना के मेडक से नए सिरे से यात्रा की शुरुआत करेंगे’।

यात्रा के 57वें दिन यानी गुरुवार को राहुल ने रुद्रराम से जब यात्रा की शुरुआत की तो वहां कार्यकर्ताओं का हुजूम दिखाई दिया। गुरुवार को इस यात्रा में नौसेना के पूर्व अध्यक्ष एडमिरल रामदास व उनकी पत्नी ललिता रामदास भी शामिल हुए थे।

गुरुवार को पदयात्रा के दौरान राहुल गांधी एक बच्चे को कराटे सिखाते भी दिखाई पड़े थे। कांग्रेस ने ट्वीट कर लिखा था कि “टेक्निक गलत हो तो देश तबाही के रास्ते पर चला जाता है, ये तो बच्चे बच्चों के भविष्य का सवाल ठहरा। एक बच्चे को सही टेक्निक सिखाते हुए राहुल गांधी जी’। ये वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

बुधवार को भी राहुल का एक वीडियो आया था जिसमें वो बच्चों के साथ क्रिकेट खेलते नजर आए थे और बाद में उन्होंने क्रिकेट बैट पर उस बच्चे को अपना ऑटोग्राफ भी दिया।

गुरुवार को राहुल ने आदिवासियों के पारंपरिक लोक नृत्य ‘धीमसा’ पर डांस किया। ये वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही इस यात्रा ने 23 अक्टूबर को तेलंगाना में प्रवेश किया था। तेलंगाना के मकथल से शुरू हुई कांग्रेस की ये यात्रा राज्य के अलग-अलग हिस्सों में 16 दिनों तक चलेगी जिसके अंतर्गत 19 विधानसभा और 7 संसदीय क्षेत्रों को कवर किया जाएगा। इन 16 दिनों में 375 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। राहुल अपनी इस यात्रा के दौरान लोगों से मिल रहे हैं। तेलंगाना में अपनी यात्रा के दौरान राहुल गांधी लगातार विभिन्न समुदायों के नेताओं, राजनेताओं, खेल, व्यवसाय और सिनेमा जगत की हस्तियों से मुलाकात कर रहे हैं।

राहुल गांधी की ये यात्रा 7 नवंबर को महाराष्ट्र के नांदेड़ में प्रवेश करेगी और 16 दिन राज्य में रहेगी-

बता दें कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की शुरुआत इसी साल 7 सितंबर को कन्याकुमारी से हुई थी। यात्रा के वर्तमान चरण (तेलंगाना) से पहले राहुल केरल, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में अपनी इस यात्रा को पूरा कर चुके हैं। यह यात्रा 12 राज्यों के 20 शहरों से गुजरते हुए 150 दिन तक चलेगी। 3,570 किलोमीटर लंबी इस यात्रा का समापन जम्मू-कश्मीर में होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *