कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुजरात मॉडल को लेकर बीजेपी की सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है और आरोप लगाया है कि प्रतिदिन 115 लोग अपनी जान ले रहे हैं। खड़गे ने ट्वीट कर लिखा है कि, ”पीएम मोदी जी बीजेपी के गुजरात मॉडल में प्रतिदिन 9 दिहाड़ी मजदूर आत्महत्या कर रहे हैं। जबकि भारत में प्रतिदिन 115 दिहाड़ी मजदूर आत्महत्या करते हैं। आपके ‘डबल इंजन’ ने अपने घातक पहियों के नीचे गरीबों की आकांक्षाओं को कुचल दिया है।”
मल्लिकार्जुन खड़गे ने इससे पहले सरकार पर हमला बोलते हुए कहा था, ‘किसी प्रधानमंत्री, किसी गृह मंत्री ने झूठ नहीं बोला, वे झूठ बोल रहे हैं, कभी कहते हैं कि हम 2 करोड़ नौकरियां देंगे, कभी-कभी एक-एक खाते में 15 लाख रुपये देंगे, लेकिन सब झूठ है।’
उन्होंने कहा था कि, “कांग्रेस पार्टी ने इतनी सरकारें बनाईं लेकिन विधायकों को लालच दिया गया और बीजेपी ने अपनी सरकार बनाई, जबकि वे लोकतंत्र की रक्षा करने की बात करते हैं”। उन्होंने बीजेपी पर आरोप लगते हुए कहा था कि बीजेपी का मुख्य उद्देश्य नफरत और विभाजन पैदा करना है, लेकिन ‘भारत जोड़ो यात्रा’ इन लोगों से लड़ रही है और विजयी होकर निकलेगी।
बीते दिनों ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के हरियाणा चैप्टर के दौरान पानीपत में एक रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अग्निवीर योजना को लेकर सरकार पर निशाना साधा था और कहा था कि युवाओं के लिए नौकरी ना होने की वजह से हरियाणा बेरोजगारी में चैंपियन बन गया है। उन्होंने कहा था कि पहले एक सैनिक 15 साल तक देश की सेवा करता था और उसे उचित प्रशिक्षण और सेवानिवृत्ति का लाभ मिलता था लेकिन अब पांच साल बाद वह बेरोजगार हो जाएगा।
