कांग्रेस नेता जयराम रमेश बोले- ‘मोदी सरकार में राजनीतिक प्रतिशोध के साधन बन गए हैं ED, CBI और I-T विभाग’

कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग जैसे संस्थान नरेंद्र मोदी सरकार के तहत “राजनीतिक प्रतिशोध” के उपकरण बन गए हैं और विपक्षी नेताओं की प्रतिष्ठा को नष्ट करने के लिए चुन चुनकर निशाना बनाया जा रहा है।

कांग्रेस की तरफ से ये दावा उस दिन किया गया जब एक विशेष अदालत ने दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को पांच दिन की सीबीआई रिमांड पर भेज दिया।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने किसी का नाम लिए बिना एक ट्वीट में कहा, “कांग्रेस का हमेशा से मानना रहा है कि ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग जैसी संस्थाएं मोदी सरकार के तहत राजनीतिक प्रतिशोध और उत्पीड़न का साधन बन गई हैं।” रमेश ने कहा, “इन संस्थानों ने अपनी विश्वसनीयता खो दी है। विपक्षी नेताओं को उनकी प्रतिष्ठा को नष्ट करने के लिए चुनिंदा रूप से लक्षित किया जाता है।”

बता दें कि दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी ने रविवार को कहा था कि दिल्ली आबकारी नीति घोटाला मामले में सीबीआई द्वारा सिसोदिया की गिरफ्तारी एक स्वागत योग्य कदम है। उन्होंने दावा किया था कि ‘आप’ ने “संपत्ति जमा करने के लिए शक्ति का इस्तेमाल किया”।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *