कर्नाटक में रेव पार्टी के भंडाफोड़ के बाद बीजेपी का ‘उड़ता बेंगलुरु’ तंज, कांग्रेस ने किया पलटवार

कर्नाटक में उस समय राजनीतिक घमासान छिड़ गया जब विपक्षी भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर कटाक्ष किया और दावा किया कि 2016 की बॉलीवुड फिल्म ‘उड़ता पंजाब’ के संदर्भ में बेंगलुरु ‘उड़ता बेंगलुरु’ बन गया है। फिल्म, ‘उड़ता पंजाब’ में युवाओं द्वारा नशीली दवाओं के दुरुपयोग पर प्रकाश डाला गया था।भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर बेंगलुरु में ‘कानून व्यवस्था की स्थिति खराब’ करने का आरोप लगाया और आरोप लगाया कि शहर मादक पदार्थों और रेव पार्टियों का केंद्र बनता जा रहा है।

दरअसल बेंगलुरु पुलिस ने हाल ही में शहर के एक फार्महाउस में एक रेव पार्टी का भंडाफोड़ किया और मेंडिकल जांच में यह बात सामने आई थी कि एक तेलुगु फिल्म अभिनेत्री समेत 86 लोगों ने नशीले पदार्थों का सेवन किया था।

कर्नाटक भाजपा इकाई ने कन्नड़ में ट्वीट किया, “कानून-व्यवस्था खराब हो गई है और सरकारी अराजकता उजागर हो गई है। कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद, बेंगलुरु में हर जगह अनैतिक सभाएं हो रही हैं। सिलिकॉन सिटी अब ड्रग्स, कैनबिस ड्रग रेव पार्टियों से भरी हुई है।”

भाजपा ने राज्य सरकार पर निशाना साधने के लिए हैशटैग #BadBengaluru और #कांग्रेसफेल्सकर्नाटक के साथ मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार वाले एक पोस्टर का भी इस्तेमाल किया। पोस्टर में, पार्टी ने सिलिकॉन सिटी को ‘उड़ता बेंगलुरु’ करार दिया और दावा किया कि “सिलिकॉन सिटी मादक पदार्थों के लिए एक ‘अड्डा’ (हब) बन रहा है और रेव पार्टियां बड़े पैमाने पर हो रही हैं।”

बर्थडे पार्टी के बहाने आयोजित की गई रेव पार्टी में कुल 103 लोग शामिल हुए थे। इनमें 73 पुरुष और 30 महिलाएं शामिल थीं। छापेमारी के दौरान प्रतिबंधित ड्रग्स एमडीएमए (मिथाइल एनीडियोक्सी मेथामफेटामाइन), गांजा और कोकीन जब्त किया गया था। पुलिस के अनुसार मेडिकल जांच में यह बात सामने आई थी कि एक तेलुगु फिल्म अभिनेत्री समेत 86 लोगों ने नशीले पदार्थों का सेवन किया था। इसके बाद भाजपा ने राज्य की कांग्रेस सरकार को आड़े हाथों लिया।

कांग्रेस का पलटवार

बीजेपी के ‘उड़ता बेंगलुरु’ तंज का जवाब देते हुए, कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने कहा कि सरकार नशीली दवाओं पर नकेल कसने के लिए गंभीर प्रयास कर रही है और बीजेपी पर पलटवार करते हुए कहा कि उसे “ऐसे आरोप नहीं लगाने चाहिए”।

उन्होनें कहा, “हम इस पर बहुत सख्त हैं। हम किसी को नहीं छोड़ते हैं। सैकड़ों करोड़ की दवाएं जब्त की गई हैं और जला दी गई हैं। हम लगातार इसकी निगरानी कर रहे हैं। कई विदेशी छात्रों को डिपोर्ट किया गया है। मुझे नहीं लगता कि विपक्ष का यह कहना सही है कि बेंगलुरु ‘उड़ता बेंगलुरु’ बन रहा है। उन्हें ऐसी बातें नहीं करनी चाहिए।”

पुलिस ने 14.40 ग्राम एमडीएमए गोलियां, 1.16 ग्राम एमडीएमए क्रिस्टल, छह ग्राम हाइड्रो कैनबिस, पांच ग्राम कोकीन, कोकीन से लेपित 500 रुपये का नोट, छह ग्राम हाइड्रो गांजा, पांच मोबाइल फोन, दो कार: एक वोक्सवैगन और एक लैंड रोवर, और रेव पार्टी से 1.5 करोड़ रुपये मूल्य के साउंड और लाइट व्यवस्था सहित डीजे उपकरण जब्त किए।

पार्टी में शामिल हुए 59 पुरुषों और 27 महिलाओं के खून के नमूनों में ड्रग्स की पुष्टि हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *