केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद शोभा करंदलाजे और पार्टी की अन्य महिला सदस्यों ने बुधवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के पास राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उन्होंने सदन में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के प्रति कांग्रेस सांसद के ‘अशोभनीय’ व्यवहार और ‘अनुचित’ इशारों का आरोप लगाया। शोभा करंदलाजे ने अध्यक्ष के कक्ष में 21 महिला भाजपा सदस्यों द्वारा हस्ताक्षरित पत्र सौंपा, जिसमें राहुल गांधी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
पत्र में कहा गया है, “हम सदस्य के ऐसे व्यवहार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हैं, जिसने न केवल सदन में महिला सदस्यों की गरिमा का अपमान किया है, बल्कि बदनामी भी हुई है और इस सदन की गरिमा को भी कम किया है।”
केंद्रीय मंत्री और बीजेपी सांसद शोभा करंदलाजे ने कहा, ”सभी महिला सदस्यों को फ्लाइंग किस देकर राहुल गांधी चले गए। यह सरासर एक सदस्य का दुर्व्यवहार है। यह एक सदस्य का अनुचित और अशोभनीय व्यवहार है। वरिष्ठ सदस्य बता रहे हैं कि यह भारत की संसद के इतिहास में ऐसा कभी नहीं हुआ…यह कैसा व्यवहार है? वह किस तरह के नेता हैं? इसलिए, हमने इसकी सीसीटीवी फुटेज लेने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए स्पीकर से शिकायत की है।”
बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा, “वह फ्लाइंग किस देते हैं। राहुल गांधी को क्या हो गया है? वहां (सदन में) इतनी सारी महिलाएं बैठी हैं। उनमें कोई शिष्टाचार नहीं है। यह बहुत दर्दनाक है…”
फ्लाइंग किस को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने उन्हें ‘महिला द्वेषी आदमी’ कहा और कहा कि यह एक अश्लील हरकत थी। ईरानी ने कहा, “मुझे एक झिझक है, उन्होंने (राहुल गांधी) दुर्व्यवहार किया। केवल एक स्त्रीद्वेषी पुरुष ही महिला सांसदों को फ्लाइंग किस दे सकता है। वह जिस परिवार से आते हैं, वे जिसके प्रतिनिधि हैं। महिलाओं के बारे में वह और उनकी पार्टी क्या महसूस करती है, उन्होंने आज ये प्रसारित किया। ऐसा उदाहरण पहले कभी नहीं देखा गया। इससे पता चलता है कि वह महिलाओं के बारे में क्या सोचते हैं। ये अश्लील है।”
इस पल के गवाह रहे लोगों के अनुसार जब राहुल गांधी अपने अविश्वास प्रस्ताव भाषण के बाद लोकसभा परिसर से बाहर निकल रहे थे, तो उनसे कुछ फाइलें गिर गईं और जैसे ही वह उन्हें उठाने के लिए झुके, कुछ भाजपा सांसद उन पर हंसने लगे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने भाजपा सदस्यों को फ्लाइंग किस दिया और बाहर चले गए।
इससे पहले आज राहुल गांधी ने लोकसभा में अविश्वास बहस में भाग लिया और मणिपुर हिंसा पर सरकार पर हमला किया और आरोप लगाया कि इसकी राजनीति ने हिंसा प्रभावित राज्य में “भारत माता की हत्या” की।
