दिल्ली MCD में AAP को बड़ा झटका, 13 पार्षदों के साथ बना अलग गुट, ‘इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी’ का ऐलान

दिल्ली में आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका देते हुए 13 पार्षदों ने पार्टी से इस्तीफा देकर अलग गुट बनाने का ऐलान कर दिया है। बागी नेताओं में मुकेश गोयल भी शामिल हैं, जो एमसीडी में आप के सदन के नेता थे। शनिवार को गोयल के नेतृत्व में पार्षदों ने इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी नाम से नई पार्टी बनाने का ऐलान किया। इस साल फरवरी में हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में गोयल ने आदर्श नगर से आप के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गए थे।

पिछले नगर निगम चुनाव से पहले ये नेता कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए थे। 25 साल तक नगर निगम पार्षद रहे गोयल 2021 में कांग्रेस से आप में शामिल हुए थे।

यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब कुछ दिन पहले ही भाजपा ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) पर नियंत्रण हासिल किया है। आम आदमी पार्टी (आप) ने चुनाव का बहिष्कार किया था।

इस्तीफा देने वाले पार्षदों में मुकेश गोयल, हिमानी जैन, देवेंद्र कुमार, राजेश कुमार लाडी, सुमन अनिल राणा और दिनेश भारद्वाज आदि नेता शामिल हैं।

पार्षदों की ओर से जारी किए गए एक पत्र में कहा गया है कि वे सभी 2022 में आम आदमी पार्टी के टिकट पर MCD में पार्षद चुने गए थे लेकिन MCD की सत्ता में आने के बावजूद पार्टी का शीर्ष नेतृत्व MCD को सुचारू ढंग से नहीं चला पाया और शीर्ष नेतृत्व का निगम पार्षदों से समन्वय नहीं रहा और इसी वजह से पार्टी विपक्ष में आ गई।

पार्टी छोड़ने वाले पार्षदों ने आरोप लगाया है कि जनता से किए गए वादों को पूरा नहीं किया गया और इसलिए वे पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहे हैं।

दिल्ली में पार्टी को यह झटका तब लगा जब इस साल की शुरुआत में विधानसभा चुनावों में भाजपा ने उसे करारी शिकस्त दी थी। तब से आप पार्टी अंदरूनी कलह से जूझ रही है।

पार्टी में असंतोष को रोकने के लिए आप ने मार्च में संगठनात्मक फेरबदल किया और पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज को दिल्ली इकाई का नया अध्यक्ष नियुक्त किया। पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को पंजाब का प्रभार दिया गया, जहां दो साल बाद चुनाव होने हैं।

गोपाल राय को गुजरात का आप प्रभारी बनाया गया है, जबकि आप के राष्ट्रीय महासचिव संदीप पाठक को छत्तीसगढ़ के विशेष प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *