दिल्ली के नारायणा में गुटखा फैक्ट्री में हुआ बड़ा हादसा, लिफ्ट गिरने से तीन मजदूरों की मौत

राजधानी दिल्ली के नारायणा इंडस्ट्रियल एरिया में एक गुटखा फैक्ट्री में तीन मजदूरों की मौत हो गई है। दरअसल लिफ्ट गिरने से इन तीनों मजदूरों की मौत हुई। बताया जा रहा है कि ऊंचाई से लिफ्ट गिरने की वजह से मजदूरों की मौत हुई है। इस मामले में पुलिस ने लापरवाही का मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, ये घटना नारायणा इंडस्ट्रियल एरिया के फेज 1 में स्थित एक गुटखा फैक्ट्री की है। फैक्ट्री में तीन सफाई कर्मचारियों की उस समय मौत हो गई जब वे लिफ्ट में थे। उसमें तकनीकी खराबी आ गई और वे सभी गिर गए। मरने वालों में जेजे कॉलोनी, इंद्रपुरी के रहने वाले 30 वर्षीय कुलवंत सिंह, जेजे कॉलोनी, इंद्रपुरी के ही 26 वर्षीय दीपक कुमार और नारायण विहार के निवासी 33 वर्षीय सनी शामिल हैं। इस हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रुप से घायल भी हुआ है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। घायल शख्स का नाम सूरज जो कि गोल मार्केट दिल्ली में रहता है। घायल की उम्र सिर्फ 24 वर्ष बताई जा रही है जिसका कि दिल्ली के ही बीएलके अस्पताल में इलाज चल रहा है।

मुंबई में 25 मंजिला इमारत में लगा लिफ्ट हुआ था दुर्घटनाग्रस्त-

इस घटना से पहले लिफ्ट गिरने का एक ऐसा ही मामला मायानगरी मुंबई से भी आया था, जहां 25 मंजिला एक इमारत की लिफ्ट दुर्घटनाग्रस्त होने से 20 साल के एक युवक की मौत हो गई थी। ये हादसा 4 जनवरी को मुंबई के उपनगर विक्रोली में हुआ था। जानकारी के अनुसार यह हादसा सिद्धिविनायक सोसायटी में दोपहर लगभग 1.30 बजे हुआ। इस बिल्डिंग की लिफ्ट में हादसे के समय चार लोग सवार थे। यह लिफ्ट टूटकर सीधे ग्राउंड फ्लोर पर जा गिरी और सभी लोग भू-तल पर लिफ्ट में फंस गए। इस घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचे और लिफ्ट का दरवाजा खोला। बीएमसी के एक अधिकारी का कहना था कि लिफ्ट में फंसे चार में से तीन लोग खुद से बाहर निकलने में कामयाब हो गए थे जबकि चौथा शख्स अंदर ही फंसा रहा। दमकलकर्मियों ने चौथे व्यक्ति को बाहर निकालने के लिए बचाव उपकरणों का इस्तेमाल किया। उन्हें घाटकोपर के महानगरपालिका द्वारा संचालित राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *