अरविंद केजरीवाल का गृह मंत्री अमित शाह पर हमला, पूछा- ‘क्या दिल्ली, पंजाब, गोवा के लोग पाकिस्तानी हैं?’

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर उनके इस दावे को लेकर हमला बोला कि उनके (केजरीवाल) और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के भारत से ज्यादा समर्थक पाकिस्तान में हैं। केजरीवाल ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि सोमवार को दिल्ली के संगम विहार में अमित शाह की जनसभा में 500 से कम लोग मौजूद थे। शाह ने एक रैली में दावा किया था कि केजरीवाल और गांधी को भारत की तुलना में पाकिस्तान में अधिक समर्थन प्राप्त है। गृह मंत्री ने कहा था कि राहुल गांधी ने अनुच्छेद 370 को वापस लाने, नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) को खत्म करने और तत्काल तीन तलाक पर प्रतिबंध हटाने की बात की है।

केजरीवाल ने दावा किया कि अमित शाह ने यह बयान देकर दिल्ली के लोगों को गाली दी है और आम आदमी पार्टी (आप) के सभी समर्थकों को ‘पाकिस्तानी’ कहा है। दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं उनसे पूछना चाहता हूं, दिल्ली के लोगों ने हमें 62 सीटें, 56 फीसदी वोट शेयर देकर हमारी सरकार बनाई है। क्या दिल्ली के लोग पाकिस्तानी हैं? पंजाब के लोगों ने हमें 117 में से 92 सीटें दी हैं, क्या पंजाब के लोग पाकिस्तानी हैं?”

गृह मंत्री के खिलाफ हमला तेज करते हुए केजरीवाल ने कहा कि गुजरात, असम, गोवा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और देश के कई अन्य हिस्सों में कई लोगों ने आप का समर्थन किया। दिल्ली के सीएम और AAP के राष्ट्रीय संयोजक ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिसंबर 2025 के बाद अमित शाह को अपना उत्तराधिकारी चुना है।

केजरीवाल ने कहा, “सोमवार को गृह मंत्री अमित शाह ने अपने भाषण के दौरान कहा कि AAP के समर्थक पाकिस्तानी है। दिल्ली के लोगों ने हमें 62 सीटें और पंजाब के लोगों ने हमें 117 सीटों में से 92 सीटें देकर हमारी सरकार बनाई है तो मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि क्या दिल्ली और पंजाब के लोग पाकिस्तानी हैं? क्या गुजरात, गोवा, उत्तर प्रदेश, असम, मध्य प्रदेश और देश के कई हिस्सों में लोगों ने हमें प्यार और विश्वास दिया, क्या इस देश के सभी लोग पाकिस्तानी हैं? पीएम मोदी ने आपको (अमित शाह) अपना उत्तराधिकारी चुना है। इस बात का आपको इतना घमंड हो गया कि आप लोगों को गालियां देने लगे और धमकाने लगे। आप अभी तक पीएम नहीं बने हैं और आपको इतना अहंकार हो गया। आपकी जानकारी के लिए बता दूं कि आप पीएम नहीं बन रहे हैं, क्योंकि जनता 4 जून को बीजेपी की सरकार नहीं बना रही है।”

इसके अलावा, अरविंद केजरीवाल ने अपने दावे के समर्थन में कुछ हालिया सर्वेक्षणों का हवाला देते हुए घोषणा की कि विपक्षी इंडिया गुट के केंद्र में सरकार बनाने का अनुमान है क्योंकि यह गुट 300 से अधिक सीटें जीतेगा।

आप संयोजक ने कहा, “5वें चरण का चुनाव खत्म हो गया है और जैसे-जैस चुनाव होते जा रहे हैं वैसे-वैसे साफ होता जा रहा है कि 4 जून को मोदी सरकार जा रही है और INDIA गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। सर्वे के अनुसार 4 जून को INDIA गठबंधन को अपने दम पर 300 से अधिक सीट मिल रही है।”

मालूम हो कि मौजूदा लोकसभा चुनाव के पहले 5 चरणों का मतदान खत्म हो चुका है। दिल्ली की सभी 7 लोकसभा सीटों पर छठे चरण में 25 मई (शनिवार) को मतदान होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *