मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर में एक महिला अपने बेटे की गिरफ्तारी रोकने के लिए पुलिस वाहन के बोनट पर कूद गई। हैरानी की बात ये है कि पुलिस वाले कार चलते रहे और आधा किलोमीटर दूर पुलिस स्टेशन तक पहुँचने के बाद ही उनकी कार रुकी। यह घटना सोमवार को नरसिंहपुर के गोटेगांव इलाके में हुई। पुलिस के मुताबिक़ महिला का बेटा ड्रग तस्कर है और उसे पुलिस थाने ले जा रही थी, तभी महिला ने हस्तक्षेप किया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव के एक विशेष हिस्से में नशीली दवाओं के तस्कर सक्रिय हैं। उन्होंने जाल बिछाया और महिला के बेटे समेत दो लोगों को पकड़ लिया। इलाके में फूल बेचने वाली महिला ने जब देखा कि उसके बेटे को ले जाया जा रहा है, तो वह पुलिस वाहन के बोनट पर चढ़ गई और अपने बेटे को ले जाने से मना किया। पुलिस ने रुकने के बजाय, 500 मीटर दूर स्थित पुलिस स्टेशन तक गाड़ी पहुंचाई, जबकि महिला इस बीच बोनट पर ही लटकी रही।
इस घटना के गवाह रहे स्थानीय लोगों ने वीडियो रिकॉर्ड किया और इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। अब घटना की विभागीय जांच शुरू हो गई है। मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
