देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर हिट एंड रन का मामला सामने आया है। ये घटना केशव पुरम थाना इलाके में हुई जहां एक टाटा जेस्ट कार ने एक स्कूटी को टक्कर मार दी। इस स्कूटी पर दो युवक बैठे थे। इस घटना में एक युवक की मौत हो गई कई और दूसरा युवक अस्पताल में भर्ती है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा देर रात करीब 3 बजे हुआ।
कार सवार स्कूटी और युवक को करीब 350 मीटर तक घसीटते रहे। पेट्रोलिंग कर रही पीसीआर ने जब ये देखा तो गाड़ी का पीछा कर उसे इंटरसेप्ट किया। स्कूटी सवार कैलाश भटनागर और सचिन खरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने कैलाश भटनागर को मृत घोषित कर दिया।
इस घटना का जो सीसीटीवी सामने आया है उसमें रोड के दूसरी तरफ 17 सेकंड पर एक गाड़ी नजर आती दिख रही है और उस पर लटका युवक भी नजर आ रहा है। ठीक 11 सेकंड बाद करीब 28 सेकंड पर पीसीआर पीछा करती हुई नजर आ रही है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि पीसीआर ने महज 11 सेकंड में ही गाड़ी को ओवरटेक कर रोक लिया था।
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में गैर इरादतन हत्या की धारा के तहत केस दर्ज कर ड्राइवर समेत कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दरअसल गुरुवार-शुक्रवार की रात करीब 3 बजे केशवपुरम थाने की दो पीसीआर वैन इलाके में पेट्रोलिंग कर रही थीं तभी उसमें सवार पुलिस कर्मियों ने देखा कि कन्हैया नगर इलाके के प्रेरणा चौक पर एक टाटा जेस्ट कार ने एक्टिवा स्कूटी में जोरदार टक्कर मारी।
उत्तर पश्चिम दिल्ली की DCP उषा रंगनानी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि, ‘थाना केशवपुरम की पीसीआर की गाड़िया प्रेरणा चौक और कन्हैया नगर में गश्त कर रही थी। इस दौरान एक गाड़ी ने स्कूटी को टक्कर मारी। इस टक्कर में एक व्यक्ति गाड़ी की बोनट से टकराकर गिर गया और दूसरे व्यक्ति का सिर बोनट और विंडशील्ड के बीच फंस गया। गाड़ी में 5 लोग सवार थे इन्होंने बिना गाड़ी रोके लगभग 3 किमी तक इन्हें घसीटा। हादसे में एक पीड़ित की मौत हो गई है, दूसरे का इलाज जारी है। पांचों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की जांच जारी है’।
पुलिस का कहना है कि, मेडिकल जांच में पाया गया है कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी छात्र हैं। सभी ने घटना के दौरान शराब पी हुई थी। ये सभी एक शादी समारोह से लौटने के बाद इलाके में घूम रहे थे। उधर, स्कूटी सवार दोनों युवक एक जींस की मैन्युफैक्चरिंग फैक्ट्री में काम करते थे। पुलिस ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान कैलाश भटनागर के रूप में हुई है, जबकि सुमित खारी का इलाज जारी है। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा 304, के अलावा 304A/338/279/34 के तहत केस दर्ज किया गया है।
