गुजरात की समुद्री सीमा के पास एक बार फिर से ड्रग्स की एक बड़ी खेप की बरामदगी हुई है। ये ड्रग्स एक पाकिस्तानी नाव से मिली है। ATS गुजरात के खुफिया इनपुट के आधार पर भारतीय तटरक्षक बल (ICG) और गुजरात एटीएस की संयुक्त टीम ने भारत में घुसपैठ की कोशिश कर रही एक पाकिस्तानी नाव को जब्त किया है। इस नाव से हथियारों, गोला-बारूद और लगभग 300 करोड़ रुपये मूल्य का लगभग 40 किलोग्राम ड्रग्स भी बरामद किया गया है। इस पाकिस्तानी नाव पर सवार दस लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
इंडियन कोस्टगार्ड ने ट्वीट कर कहा कि, “यह ऑपरेशन एटीएस गुजरात के साथ मिलकर चलाया गया। पाकिस्तान की फिशिंग बोट अल सोहेली सवार दस क्रू-मेंबर के साथ भारतीय सीमा में घुसपैठ कर रही थी। कोस्टगार्ड ने कहा, उनके पास से हथियार और 40 किग्रा ड्रग्स मिली. इस ड्रग्स की बाजार में कीमत 300 करोड़ रुपये है। इसके बाद बोट को ओखा लाया गया”।
ANI ने रक्षा सूत्रों के हवाले से बताया कि सुरक्षा एजेंसियों ने चालक दल से छह पिस्तौल और 120 राउंड बरामद किए हैं। यह नाव पाकिस्तान के कराची के पास से चली थी।
इंडियन कोस्टगार्ड ने घटना की जानकारी देते हुए बताया है कि गुजरात एटीएस द्वारा साझा की गई एक सूचना के आधार पर, तटरक्षक ने 25 और 26 दिसंबर की दरमियानी रात को अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (आईएमबीएल) के नजदीक के क्षेत्र में गश्त के लिए अपने तेज गश्ती पोत आईसीजीएस अरिंजय’ को तैनात किया गया। 26 दिसंबर की सुबह एक पाकिस्तानी नाव की संदिग्ध मूवमेंट देखी गई। चेतावनी दिए जाने के बाद भी जब पाकिस्तानी नाव नहीं रुकी, तब घेराबंदी कर उसे रोका गया। जब नाव की तलाशी ली गई, तब उस पर हथियार, गोला-बारूद और लगभग 300 करोड़ रुपये के 40 किलोग्राम ड्रग्स बरामद किए गए।
अधिकारियों के मुताबिक़ ये नाव कराची के पास कहीं से चली थी। ATS का कहना है कि वे ड्रग्स कहां डिलीवर करने वाले थे और उनके कनेक्शन कहां हैं? इस बारे में पता किया जा रहा है और इसके अलावा चालक दल के पास से बरामद हथियारों के मद्देजनर इस बात का भी पता लगाया जाएगा कि क्या वे लोग हथियारों की तस्करी भी करते हैं?
पिछले 18 महीनों में आईसीजी और गुजरात एटीएस द्वारा यह सातवां संयुक्त अभियान है। ऐसा पहली बार हुआ है, जब मादक पदार्थ के साथ हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया गया है। पिछले 18 महीने में 1,930 करोड़ रुपये मूल्य की कुल 346 किलोग्राम हेरोइन जब्त की गई है और चालक दल के 44 पाकिस्तानी और सात ईरानी सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है।
कब-कब बड़ी मात्रा में ड्रग्स जब्त की गई
– जुलाई 2017 में गुजरात के समुद्री किनारे पर एक व्यापारी जहाज से 1500 किलो हेरोइन जब्त की गई थी।
– अगस्त 2018 में जाम सलाया के 2 लोगों को 5 किलो हेरोइन के साथ पकड़ा गया था। जांच में पता चला था कि पाकिस्तान से 100 किलो हेरोइन की तस्करी करके भारत लाई गई थी, बाद में इसे जब्त कर लिया गया था।
– जनवरी 2020 में, एक मछली पकड़ने वाली नाव से 5 पाकिस्तानियों के पास 175 करोड़ रुपए की 35 किलोग्राम हेरोइन जब्त की गई थी।
– अप्रैल 2021 में 150 करोड़ रुपए की 30 किलो हेरोइन के साथ 8 पाकिस्तानियों को अरेस्ट किया गया था।
