मध्य प्रदेश में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का सोमवार को छठा दिन है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने आज सुबह पदयात्रा की शुरुआत इंदौर के बड़ा गणपति चौराहा से की। कांग्रेस नेता ने सुबह सबसे पहले बड़ा गणपति में भगवान गणेश के दर्शन किए और फिर उज्जैन के लिए रवाना हुए। कांग्रेस के बड़े नेता जैसे दिग्विजय सिंह, मणिशंकर अय्यर भी सुबह-सुबह बड़ा गणपति पहुंच गए थे और यात्रा में शामिल हुए। यात्रा सुबह करीब सवा छह बजे बड़ा गणपति से शुरू हुई। राहुल गांधी 7 सितंबर से इस पदयात्रा में चल रहे हैं और अब तक 6 राज्यों में 2000 किलोमीटर चल चुके हैं।
‘भारत जोड़ो यात्रा’ के पांचवे दिन यानी रविवार को राहुल गांधी ने इंदौर के राजवाड़ा में एक जनसभा को संबोधित किया। अपने इस संबोधन में राहुल ने एक बार फिर से नोटबंदी और जीएसटी के मुद्दे पर केंद्र की बीजेपी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा, ‘देश का सबसे बड़ा नुकसान नोटबंदी और GST ने किया है। जो काम चीन की सेना नहीं कर सकती वो नोटबंदी और GST ने कर दिया। इनका काम है कि देश के गरीबों के जेब से पैसा लो और 2 अरबपतियों के जेब में डालो’।
राहुल ने कहा कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ करने का हमारा प्रमुख उद्देश्य यह था कि हमारी बात को लोकसभा में नहीं सुना जाता था। उन्होंने कहा कि हमने लोकसभा में कई बार इन मुद्दों को उठाने की कोशिश की। संसद में जब भी हम जनता से जुड़े मुद्दे उठाते थे तो हमारा माइक बंद कर दिया जाता था, इसलिए हम देश की आवाज सुनने सड़क पर निकले हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि हम इस ‘भारत जोड़ो यात्रा’ पर अकेले नहीं हैं, हमारे साथ पूरा हिंदूस्तान चल रहा है. उन्होंने इंदौर शहर की तारीफ करते हुए कहा कि, ‘आज हमारी यात्रा इंदौर की सड़कों पर 8 घंटे चली। मैंने 8 घंटे चारों ओर देखा। मुझे यहां कोई कचरा दिखाई नहीं दिखाई दिया। इसके लिए इंदौर की जनता और सफाई कर्मचारियों को धन्यवाद’। उन्होंने आगे कहा, ‘मैं चाहता हूं कि हिंदुस्तान का सबसे बड़ा एयरपोर्ट इंदौर में हो। यह देश का सबसे बड़ा लॉजिस्टिक हब बने’।
रविवार को राहुल गांधी के नेतृत्व में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ सुबह 6 बजे महू से आगे बढ़ी। रविवार सुबह इस यात्रा में लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं का हुजूम दिखा।
रविवार के दिन पदयात्रा के ही बीच महू में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बुलेट भी चलाया। प्रदेश के विधायक जीतू पटवारी समेत कई कांग्रेसी नेता राहुल के पीछे भागते दिखे।
इससे पहले शनिवार को राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश की अपनी एक सभा के भाषण ने का वीडियो ट्वीट किया लिखा, ‘मोहब्बत करने वाले किसी से नहीं डरते और जो डरते हैं वो मोहब्बत नहीं करते।’
उन्होंने अपने 1 मिनट के भाषण में कहा, ‘मैं आपको अपना उदाहरण देता हूँ. मेरी दादी को 32 गोली लगी थीं। मेरे पिता एक बम धमाके में मारे गए। मेरे खिलाफ हिंसा की गई। लेकिन जिस दिन मेरे दिल से डर मिट गया उस दिन से मेरे दिल में सिर्फ मोहब्बत रह गई है और कुछ नहीं। मैं आपको बता रहा हूँ कि मैं RSS से लड़ता हूं, नरेंद्र मोदी जी से लड़ता हूं मगर मेरे दिल में नरेंद्र मोदी जी के लिए और ना आरएसएस के लिए नफरत है। क्योंकि मेरे दिल में कोई डर नहीं है। मैं BJP, नरेंद्र मोदी जी और अमित शाह जी से भी कहता हूं कि अपने दिल से डर मिटा दो। नफरत गायब हो जाएगी। आपका यह डर देश का नुकसान कर रहा है। ये जो हमारे बब्बर शेर आए हैं, यह बब्बर शेर किसी से डरते नहीं हैं। ये देश जो है शेरों का देश है, शेरनीयों का देश है और किसी से डरने की कोई जरूरत नहीं है। मोहब्बत करने वाले कभी नहीं डरते और सुन लो डरने वाले कभी मोहब्बत नहीं करते। ये है उन में और हम में फर्क। हम डरते नहीं हैं, मोहब्बत करते हैं।’
कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को लेकर कहा कि, ‘इस यात्रा से लोग जुड़ रहे हैं। हम यह वोटों के लिए नहीं कर रहे हैं बल्कि यह लोगों को एक भावनात्मक विचारधारा से जोड़ने की कोशिश है। देश के संविधान में जो कहा गया है हम उसे लोगों को बताना चाहते हैं कि अपना संविधान यह कहता है। कुछ लोग इन विचारों को बर्बाद करना चाहते हैं, इसलिए लोग इससे जुड़ भी रहे हैं। राहुल गांधी यह 2024 के चुनाव को देखते हुए नहीं कर रहे हैं’।
सांवेर में रात्रि विश्राम के बाद 29 नवंबर को राहुल उज्जैन पहुंचेंगे। 30 नवंबर को उज्जैन में यात्रा का ब्रेक होगा। पहले राहुल गांधी 28 नवंबर को इंदौर में ब्रेक लेने वाले थे। इसके बाद 1 दिसंबर को यात्रा अगले पड़ाव के लिए रवाना होगी।
29 नवंबर को ही राहुल महाकाल मंदिर में दर्शन के बाद जनसभा को संबोधित करेंगे। ऐसी खबर है कि राहुल गांधी 30 नवंबर को गुजरात में होने वाले विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान (5 दिसंबर) के पहले चुनाव सभा के लिए गुजरात जा सकते है। इस दौरान भारत जोड़ो यात्रा पड़ाव एक दिन और दो रात उज्जैन में रहेगा।
उज्जैन में यात्रा का पड़ाव 29 नवंबर की रात और 30 नवंबर दिन-रात को रहेगा। यात्रा अगले दिन यानी 1 दिसंबर को सुबह 6 बजे आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज कैम्प से रवाना होगी।
मध्य प्रदेश में विधानसभा का चुनाव साल 2023 में होना है। राज्य में विधानसभा की 230 सीटें हैं। इस यात्रा का राज्य में जो मुख्य रुट है उसमें कुल 66 सीटें हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का ऐसा मानना है कि इस क्षेत्र मं ज़्यादा सीटें जीतने वाली पार्टी ही राज्य की सत्ता को हासिल करती रही है। 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने इन सीटों में से बीजेपी से 3 सीटें कम मिलने के बावजूद सरकार बनाई थी। कांग्रेस की नज़र राज्य के अनुसूचित जनजाति की 47 और अनुसूचित जाति वर्ग की 35 सीटों पर भी है। ये दो समीकरण (मालवा-निमाड़ की 66 और एससी-एसटी की 82 सीटों में ज़्यादा सीटें पाना) बीजेपी समेत अन्य पार्टियों की रणनीति का भी हिस्सा हैं।
भारत जोड़ो यात्रा का मध्यप्रदेश के बाद अगला पड़ाव राजस्थान होगा। चार दिसंबर को यात्रा का मध्यप्रदेश में आखिरी दिन होगा। इसके बाद यात्रा लालाखेड़ी से राजस्थान के झालावाड़ में प्रवेश करेगी। लालखेड़ी में कमलनाथ राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष को यात्रा का ध्वज सौंपेगे।
बता दें कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की शुरुआत 7 सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से हुई थी। यात्रा के वर्तमान चरण (मध्यप्रदेश) से पहले राहुल तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना और महाराष्ट्र में अपनी इस यात्रा को पूरा कर चुके हैं। यह यात्रा 12 राज्यों के 20 शहरों से गुजरते हुए 150 दिन तक चलेगी। 3,570 किलोमीटर लंबी इस यात्रा का समापन जम्मू-कश्मीर में होगा। यात्रा के फरवरी 2023 की शुरुआत में जम्मू-कश्मीर पहुंचने की संभावना है। इस यात्रा का लक्ष्य कांग्रेस पार्टी के संगठन को पुनर्जीवित करना है।
ये है मध्य प्रदेश में यात्रा का आगे का कार्यक्रम:-
28 नवंबर
• सुबह 06.00 बजे गणपति चौराहा इंदौर से यात्रा शुरू होगी।
• सुबह 10 बजे बारोली गांव वैष्णव यूनिवर्सिटी सांवेर में ब्रेक।
• दोपहर 03.30 बजे कृष्णा एन्क्लेव उज्जैन मार्ग से यात्रा प्रारंभ।
• शाम 06.30 बजे ताराना में ब्रेक।
• सांवेर में रात्रि विश्राम।
29 नवंबर
• सुबह 6.00 बजे सांवेर ये शुरू होगी यात्रा।
• सुबह 10.00 बजे निनोरा में ब्रेक।
• शाम 4 बजे सामाजिक न्याय परिसर उज्जैन में आमसभा।
• गुरू संदीपनी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट में रात्रि विश्राम।
1 दिसंबर
• सुबह 06.00 बजे आरडी मेडिकल कॉलेज से यात्रा प्रारंभ।
• सुबह 10.00 बजे नजरपुर गांव में ब्रेक।
• दोपहर 03.30 बजे घटिया बस स्टैंड से शुरू।
• शाम 06.30 बजे घोसला फाटा पर ब्रेक।
• स्कायलार्क प्रोटीन फैक्ट्री परिसर आगर में रात्रि विश्राम।
2 दिसंबर
• सुबह 06.00 बजे स्कायलार्क प्रोटीन फैक्ट्री से शुरू।
• सुबह 10.00 बजे सुमराखेड़ी में ब्रेक।
• दोपहर 03.30 बजे सुमराखेड़ी जोड़ से यात्रा की शुरूआत।
• शाम 06.30 बजे आगर छावनी में ब्रेक।
• काशी बडिया आगर में रात्रि विश्राम।
3 दिसंबर
• सुबह 06.00 बजे बस स्टॉप महुडिय़ा से यात्रा प्रारंभ।
• सुबह 10.30 बजे अमला शिवाय होटल के समीप ब्रेक।
• दोपहर 03.30 बजे जैन मंदिर सुसनेर से शुरू।
• शाम 06.30 बजे मंगेशपुरा चौराहे पर ब्रेक।
• अन्नपूर्णा ढाबा लाला खेड़ी में रात्रि विश्राम।
4 दिसंबर
• सुबह 06.00 बजे अन्नपूर्णा ढाबा से यात्रा की शुरूआत।
• सुबह 10.00 बजे सोयतकलां में ब्रेक।
• दोपहर 03.30 बजे गल्र्स हॉस्टल के पास से यात्रा शुरू।
• शाम 06.30 बजे पिपलेश्वर बालाजी मंदिर डोंगरगांव में ब्रेक।
• इसके बाद यात्रा राजस्थान में प्रवेश कर जाएगी, यहां छांवली चौराहा राजस्थान में रात्रि विश्राम रहेगा।
